प्रशासनिक दायित्वों के साथ साहित्य लेखन

By: Mar 4th, 2018 12:05 am

शिमला से संबद्ध प्रख्यात लेखक श्रीनिवास जोशी किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। वह संघर्ष की एक बड़ी मिसाल हैं। उनका जन्म 11 मई 1936 ईस्वी को शिमला के गांव कनैना (पंचवटी) में हुआ। वह राजनीति विज्ञान व अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर हैं। इसके अलावा उन्होंने आईएसआई कोलकाता से सांख्यिकी में सर्टिफिकेट कोर्स कर रखा है। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी के रूप में उन्होंने सात विभागों के विभागाध्यक्ष तथा अतिरिक्त सचिव के तौर पर काम किया। वह एसडीएम जोगिंद्रनगर तथा उपायुक्त कांगड़ा भी रहे। अब वह रिटायर हो चुके हैं। उनका साहित्यिक योगदान भी कम नहीं है। कहानी, नाटक, निबंध लिखने के साथ-साथ वह स्तंभकार भी रहे हैं। उनका कहानी संग्रह है ‘घुघुतिया’। इसके अलावा लघु नाटक संग्रह ‘हम नहीं सुधरेंगे’ भी उन्होंने लिखा है। अंग्रेजी में उनका निबंध है ‘बाबूडम बॉश प्लस’। इसके अलावा उन्होंने नव-साक्षरों के लिए तीन पुस्तकें लिखी हैं। अंग्रेजी में ‘हेल्थ कम्युनिकेशन’ व हिंदी में ‘स्वयं सहायता समूह कैसे बनाएं?’ नामक पुस्तकें भी उन्होंने लिखी हैं। कहानी की उनकी संपादित पुस्तक है ‘पांच सपने’। उनकी अंग्रेजी कविताओं की संपादित पुस्तक ‘नेसेंट वार्म्थ’ है। वह दैनिक जागरण के छह वर्ष तक नियमित स्तंभकार रह चुके हैं। आजकल वह अंग्रेजी ट्रिब्यून के स्तंभकार हैं। इसके लिए वह पिछले 12 वर्षों से नियमित कॉलम लिख रहे हैं। उनके लेख, कहानी व नाटक आदि अनेक पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अलावा उनके श्रेष्ठ कार्यों की सूची इस तरह है :

रंगमंच :  1. रंगमंच में अनेक नाटकों का लेखन, अभिनय तथा निर्देशन

  1. संगीत-नाटक अकादमी दिल्ली के लिए नाटकों के समीक्षक
  2. रेडियो नाटक ‘डग्याली की रात’ अखिल भारतीय प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ नाटक जिसके लिए प्रसार भारती ने उन्हें सम्मानित भी किया

सम्मान :  1. इंडस मेडिकल फाउंडेशन मिशिगन, यूएसए द्वारा लोकोपकार के लिए सम्मानित

  1. हिमाचली संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रसार भारती सम्मान
  2. हिंदी साहित्य सम्मेलन प्रयाग द्वारा हिंदी विकास के लिए सम्मानित
  3. गढ़वाल सभा द्वारा शिखर सम्मान
  4. शिमला एडीसी द्वारा नाटकों के लिए सम्मानित
  5. हिमोत्कर्ष ऊना द्वारा हिमाचलश्री सम्मान
  6. शब्दमंच बिलासपुर द्वारा साहित्य के लिए सम्मानित
  7. हिम साहित्य परिषद, मंडी द्वारा साहित्य के लिए सम्मानित
  8. हिमाचल केसरी कांगड़ा द्वारा साहित्य सम्मान

वर्तमान में कार्यभार : 1. हिमाचल प्रदेश वालंटरी हेल्थ एसोसिएशन के सलाहकार

  1. राज्य स्वास्थ्य और परिवार केंद्र के रिसोर्स परसन
  2. हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के मानव संसाधन विकास केंद्र के रिसोर्स परसन
  3. हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक संस्थान के रिसोर्स परसन
  4. केंद्रीय साहित्य अकादमी के सदस्य। इसके अलावा भी वह कई साहित्यिक, सामाजिक व प्रोफेशनल संस्थाओं से जुड़े हैं और अपने अनुभवों से इन संस्थाओं को लाभ पहुंचाने की भरपूर कोशिश कर रहे हैं। लघु नाटक संग्रह ‘हम नहीं सुधरेंगे’ रेडियो नाटकों पर आधारित है। इन नाटकों को दो सीरीज में खेला गया था : हम नहीं सुधरेंगे और बोला झमूरा झम झम। आज इस सीरीज के नाटक स्कूलों के बच्चे खेलते हैं क्योंकि यह खेलने में आसान हैं। इसमें तीन पात्र हैं और वेशभूषा आधुनिक है। यह नाटक साथ ही सामाजिक संदेश देते हैं। ये दोनों रचनाएं आकाशवाणी के शिमला केंद्र से शृंखला नाटकों के रूप में प्रसारित हो चुकी हैं। इनके लेखन के पीछे विशेष लक्ष्य यह था कि जन-साधारण द्वारा जाने में, किंतु लापरवाही-वश अथवा प्रमादवश या महत्त्व न समझते हुए की जानी वाली भूलों, समाज में फैली कुरीतियों एवं कुवृत्तियों को सामने लाते हुए, मनोरंजक ढंग से, उनमें जागरण लाना, जिससे समाज व देश का भला हो सके। इस तरह दोनों ही सोद्देश्य नाटक हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App