फेसबुक डाटा चोरी पर भिड़ीं भाजपा-कांग्रेस

By: Mar 22nd, 2018 12:04 am

नई दिल्ली— फेसबुक पर करीब पांच करोड़ यूजर्स की जानकारियां लीक होने से जिस डाटा फर्म को फायदा पहुंचने के आरोप लगे हैं, उससे लिंक को लेकर भाजपा-कांग्रेस में आरोप-प्रत्यारोपों का दौरा शुरू हो गया है। भाजपा ने इस विवादित डाटा फर्म से कनेक्शन को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला तो कांग्रेस पार्टी ने पलटवार करते हुए दावा किया है कि ब्रिटिश एजेंसी कैम्ब्रिज एनालिटिका की क्लाइंट कांग्रेस नहीं, बल्कि भाजपा है। कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने एजेंसी की वेबसाइट से मिली जानकारियों के आधार पर दावा किया कि 2010 के बिहार चुनाव में भाजपा ने इस एजेंसी की सेवाएं ली थीं। उस समय भाजपा का जदयू के साथ गठबंधन था और उस चुनाव में जदयू को भारी जीत मिली थी। हालांकि भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। भाजपा ने कहा है कि 2010 में बिहार चुनाव के दौरान पार्टी ने इस एजेंसी की सेवाएं नहीं ली थीं, जदयू ने अगर सेवाएं ली हों तो पार्टी को इसकी जानकारी नहीं है। गौरतलब है कि इससे कुछ घंटे पहले केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कान्फ्रेंस कर कांग्रेस पार्टी के इस एजेंसी से कनेक्शन का दावा किया था। प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 2019 के चुनाव प्रचार के लिए ब्रिटिश एजेंसी कैम्ब्रिज एनालिटिका को जिम्मेदारी सौंपी है। इस एजेंसी पर घूस लेने, सेक्स वर्कर्स के जरिए राजनेताओं को फंसाने और फेसबुक से डाटा चुराने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी चुनाव प्रचार के समय इसी एजेंसी की सेवाएं ली थीं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हम बोलने की आजादी और सोशल मीडिया पर खुले विचारों के संप्रेषण का समर्थन करते हैं, लेकिन सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर अवांछनीय तरीके से चुनावों को प्रभावित करने के प्रयासों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रसाद ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि क्या कांग्रेस पार्टी डाटा में हेर-फेर और चोरी के जरिए चुनाव जीतना चाहती है? उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल में कैम्ब्रिज एनालिटिका की भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर चुनावों को प्रभावित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा की फेक न्यूज की फैक्टरी ने बुधवार को एक और फर्जी खबर तैयार की है। ऐसा लगता है कि फेक स्टेटमेंट्स, फेक प्रेस कान्फ्रेंस और फेक एजेंडा भाजपा और उनके लॉ मिनिस्टर रविशंकर प्रसाद का करेक्टर बन गया है। गौरतलब है कि जिस कंपनी पर विवाद हुआ है, उस पर फेसबुक के करीब पांच करोड़ यूजर्स की जानकारियां लीक होने से फायदा पहुंचने के आरोप लगे हैं। कांग्रेस के प्रवक्ता ने साफ कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस या कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष ने कभी भी कैम्ब्रिज एनालिटिका कंपनी की सेवाएं नहीं ली हैं। सुरजेवाला ने कहा कि यह एक फेक एजेंडा है और केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद द्वारा बोला गया सफेद झूठ है। रणदीप सुरजेवाला ने आगे कहा कि इन्हीं कानून मंत्री के समय में कई गंभीर मामले सामने आए पर जवाब देने के लिए कोई सामने नहीं आया। यह सब इसलिए हो रहा है कि क्योंकि छोटे मोदी के भागने पर सरकार को जवाब न देना पड़े। दलित और आदिवासियों के अधिकारों पर अतिक्रमण हो गया, इस पर कानून मंत्री बोलने से बचना चाहते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App