बदले की भावना से कोई काम नहीं करेगी सरकार

By: Mar 25th, 2018 12:15 am

बसदेहड़ा (ऊना)— प्रदेश सरकार किसी के भी खिलाफ बदले की भावना से काम नहीं करेगी, लेकिन गड़बड़ पाए जाने पर किसी को बख्शेगी भी नहीं। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बसदेहड़ा में ऊना मंडल भाजपा द्वारा आयोजित जनसभा में कही। उन्होंने कहा कि ज्यों-ज्यों वह सरकार के संचालन में आगे बढ़ रहे हैं, बहुत सी बातों से पर्दा उठ रहा है। कांग्रेस के कुछ मित्रों को इससे तकलीफ भी होने लगी है। कांग्रेस विधायक दल के नेता पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि जिला ऊना से कांग्रेस नेता पर परफार्म करने का दबाव है। इसलिए वह जल्दबाजी में दिखाई देते हैं तथा सरकार से अढ़ाई माह में ही हिसाब मांग रहे हैं। उनकी सरकार को कोई जल्दबाजी नहीं है। प्रदेश सरकार बेहतर निर्णय ले रही है। विधानसभा का बजट सत्र बढि़या ढंग से चल रहा है। इस दफा बजट पर हुई चर्चा अब तक की हुई सभी चर्चाओं से लंबी व सार्थक रही है, जबकि विपक्ष को लग रहा था कि सरकार काम नहीं कर पाएगी। कांग्रेस के लोग हमारे सांसदों से हिसाब मांग रहे हैं। हमारे सांसद जवाब भी दे रहे हैं, लेकिन कांग्रेस को भी अपने कर्मों का हिसाब देना होगा। आगामी लोकसभा चुनावों में भाजपा प्रदेश की चारों सीटों पर शानदार जीत दर्ज करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब केवल देश के ही नहीं, बल्कि विश्व के नेता बनकर उभरे हैं। उत्तर-पूर्वी राज्यों में यहां भाजपा को एक-डेढ़ प्रतिशत मत ही मिलते थे, वहां पर लोगों ने 25-25 सालों से सत्ता में रही सरकारों को हटाकर भाजपा को सत्ता सौंपी है। देश के 21 प्रांतों में भाजपा व सहयोगियों दलों के गठबंधन की सरकारें चल रही हैं। कार्यक्रम को प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार, सांसद अनुराग ठाकुर व जिलाध्यक्ष बलबीर बग्गा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा, पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, विधायक बलबीर चौधरी, पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा, हरिओम भनोट, रमेश भड़ौलिया, अंबिका दत्त, तिलकराज सैणी, यशपाल राणा व अन्य भाजपा नेता उपस्थित रहे।

गलतफहमी न पाले कांग्रेस

सीएम ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की मजबूत सरकार काम कर रही है। भाजपा के 44 विधायकों के अलावा दो निर्दलीय विधायकों का भी सरकार को भरपूर समर्थन है। कांग्रेस प्रदेश में किसी भी प्रकार की गलतफहमी में न रहे।

कांग्रेस की गुटबाजी पर बोले

सीएम ने कांग्रेस में चल रही गुटबाजी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हम कहते हैं कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के नेतृत्व में चार की चार लोकसभा सीटें 2019 में जीतेंगे, जबकि वीरभद्र सिंह कहतें है कि यदि सुक्खू कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष रहे तो पार्टी का बेड़ागर्क हो जाएगा।

नई योजनाओं के लिए बजट

जयराम ठाकुर ने कहा कि उनकी सरकार ने अपने पहले बजट में 28 नई योजनाए शुरू की। केवल नाम से ही नहीं, अपितु इन योजनाओं के लिए बजटीय प्रावधान भी किया। जबकि पहले कई योजनाओं के नाम तो सुनते थे, लेकिन बजट में कुछ नही होता था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App