मनप्रीत को कमान, सरदार सिंह बाहर

By: Mar 14th, 2018 12:07 am

कॉमनवैल्थ गेम्स के लिए हॉकी टीम का ऐलान, गोल्ड कोस्ट में चार अप्रैल से टूर्नामेंट

नई दिल्ली – पूर्व कप्तान और अनुभवी खिलाड़ी सरदार सिंह को मंगलवार को घोषित राष्ट्रमंडल खेलों की 18 सदस्यीय टीम से बाहर कर दिया गया है, जबकि मिडफील्डर मनप्रीत सिंह चार से 14 अप्रैल तक आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में होने वाले टूर्नामेंट में टीम का नेतृत्व करेंगे। हॉकी इंडिया(एचआई) ने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए टीम की घोषणा की है, जिसमें अनुभवी भारतीय खिलाड़ी सरदार के अलावा फारवर्ड रमनदीप सिंह को भी शामिल नहीं किया गया है। गोलकीपर पीआर श्रीजेश की हालांकि वापसी हुई है, वहीं सूरज कारकेरा को टीम में रिजर्व गोलकीपर की तरह रखा है। मनप्रीत राष्ट्रमंडल खेल 2018 में टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि चिंगलेनसाना सिंह कंगुजम को उपकप्तान बनाया गया है। भारतीय टीम को प्रतिष्ठित खेलों में ग्रुप बी में पाकिस्तान, मलेशिया, वेल्स और इंग्लैंड के साथ रखा गया है, जबकि वह सात अप्रैल को अपने अभियान की शुरूआत पाकिस्तान के खिलाफ करेगा। भारतीय टीम में छह डिफेंडरों को शामिल किया गया है, जिसमें अनुभवी रूपिंदर पाल सिंह की वापसी हुई है। इसके अलावा हरमनप्रीत सिंह, वरुण कुमार कोठाजीत सिंह, गुरिंदर सिंह और अमित रोहिदास हैं। फारवर्ड लाइन में आकाशदीप सिंह, एसवी सुनील, जूनियर विश्वकप विजेता गुरजंत सिंह, मनदीप सिंह, ललित उपाध्याय और दिलप्रीत सिंह पर जिम्मेदारी रहेगी। सुमित और विवेक सागर प्रसाद को भी टीम में शामिल किया गया है। भारत ने मनप्रीत के नेतृत्व में ही एशिया कप 2017 का खिताब अपने नाम किया था और उसके बाद भुवनेश्वर में हॉकी विश्व लीग फाइनल में कांस्य जीता था। चयनकर्ताओं ने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए टीम में अनुभवी और युवा खिलाडि़यों का अच्छा संयोजन है। न्यूजीलैंड दौरे पर पदार्पण करने वाले दिलप्रीत सिंह और विवेक सागर प्रसाद को उनके अच्छे प्रदर्शन की बदौलत टीम में जगह मिली है। कप्तान मनप्रीत ने कहा, हमारा लक्ष्य पहले ग्रुप चरण में अच्छा खेलने का है, क्योंकि हमारा पूल बी काफी चुनौतीपूर्ण है। हमारे लिए जरूरी है कि हम तालिका में शीर्ष पर रहें, ताकि सेमीफाइनल में प्रवेश कर सकें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App