‘मिस हिमाचल’ग्रैंड फिनाले में प्रियंका

By: Mar 29th, 2018 12:05 am

फेमिना ‘मिस इंडिया-2017 रनरअप’ होंगी ‘दिव्य हिमाचल’ के मेगा इवेंट की सेलिब्रिटी जज

कांगड़ा— ‘मिस हिमाचल’ के ग्रैंड फिनाले में फेमिना मिस इंडिया-2017 रनरअप प्रियंका कुमारी सेलिब्रिटी गेस्ट होंगी। प्रदेश के अग्रणी मीडिया ग्रुप ‘दिव्य हिमाचल’ द्वारा आयोजित ‘मिस हिमाचल’ प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले सात अप्रैल को टांडा मेडिकल कालेज के शोभा सिंह ऑडिटोरियम में होगा। प्रियंका ग्रूमिंग के दौरान टॉप-20 फाइनलिस्ट को ब्यूटी विद ब्रेन के अलावा रैंपवॉक के टिप्स भी देंगी और ग्रैंड फिनाले के मौके पर सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में शिरकत करेंगी। मूलतः बिहार से ताल्लुक रखने वाली 25 साल की प्रियंका  का बर्ताव बचपन से लड़कों की तरह रहा, लेकिन ‘मिस इंडिया’ का ताज हासिल करने के लिए खुद को बदलना पड़ा। खास बात यह है कि लड़कों की तरह चलने वाली प्रियंका कुमारी ने इसके लिए खुद को इस कद्र बदला कि ‘मिस इंडिया’ में रनरअप रहने के साथ-साथ मिस रैंपवॉक का खिताब भी हासिल किया। प्रियंका कुमारी ने कभी सोचा भी न था कि वह ‘फेमिना मिस बिहार’ का खिताब हासिल करने के बाद ‘मिस इंडिया’ का ताज प्राप्त करेंगी, लेकिन इसके लिए उसके अभिभावकों ने पूरी तरह से उसको सपोर्ट किया और वे इस मुकाम तक पहुंचीं। फेमिना मिस इंडिया के ग्रूमिंग सैशन में गई तो एकदम से खुद को बदलना बड़ा मुश्किल था। बावजूद इसके उसने खुद को बदला ही नहीं बल्कि मिस रैंपवॉक का खिताब भी हासिल किया। प्रियंका कुमारी कहती हैं कि अगर जीवन में कुछ ठान लो तो कुछ भी असंभव नहीं है। प्रियंका की  स्कूली शिक्षा केंद्रीय विद्यालय; ओझर, नासिक में हुई जबकि पुणे  यूनिवर्सिटी से प्रियंका ने मेकेनिकल इंजीनियरिंग की है। पिता एससी भारती एयरफोर्स में जूनियर वारंट ऑफिसर हैं। उनके साथ देश के अलग-अलग राज्यों में घूमने का मौका प्रियंका को मिला है तो उसने हिंदुस्तान की संस्कृति-सभ्यता  को समझा। योग-साधना, बास्केटबॉल व हाकी खेलना प्रियंका कुमारी के शोक में शुमार है। 2017 में क्राउन जीतने से पहले प्रियंका टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज लिमिटेड में बतौर असिस्टेंट सिस्टम इंजीनियर जॉब करती थी। संगीत निर्देशक,  एआर रहमान प्रियंका के पसंदीदा म्यूजीशियन है। प्रियंका गलियों-सड़कों में जो लोग भीख मांगते हैं उनके जीवन स्तर को ऊपर उठाना चाहती हैं। विशेषकर  बच्चों और वृद्धों के लिए  कार्य करना चाहती हैं। इसके लिए शीघ्र ही प्रियंका व्यवस्थित तरीके से एक बड़ा प्रोजेक्ट शुरू करने जा रही हैं। प्रियंका कहती हैं कि इसकी शुरुआत पुणे से होगी। जबकि बाद में देश के अलग-अलग शहरों में इस प्रोजेक्ट पर काम किया जाएगा। इसमें ऐसे बच्चों के लिए बच्चों को स्कूल भेजना और वृद्धों के लिए एक ऐसा स्थान जहां उन्हें अच्छा वातावरण मिल सके चालू किया जाएगा  इस कार्य पर वे बड़े स्तर पर कुछ करने जा रही हैं। वह कहती हैं कि वह लोगों को इसके लिए जागरूक कर सकें और इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए धनाढय लोगों से दान ले सकें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App