शहीद जोरावर सिंह पंचतत्त्व में विलीन

By: Mar 24th, 2018 12:40 am

आंखों में आंसू और जुबां पर पाक के खिलाफ नारे

शाहपुर, रैत, धर्मशाला — जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में आतंकियों से लोहा लेते शहीद हुए तीन जैक रायफल के हवलदार जोरावर सिंह का शुक्रवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। शहीद जोरावर सिंह को शाहपुर क्षेत्र में उनके पैतृक गांव रैत के पास चंबी में अंतिम विदाई दी गई। पहले शहीद का पार्थिव देह घर के प्रांगण में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां सेना की टुकड़ी ने सलामी दी। शहीद के सम्मान में रैत बाजार बंद रखा गया था तथा लोग सुबह से ही शहीद के घर जुटना शुरू हो गए। हरेक ने नम आंखों के साथ शहीद को विदाई दी। साढ़े दस बजे जैसे ही शहीद की अंतिम यात्रा शुरू हुई चारों ओर मातम छा गया। इस दौरान पाकिस्तान के प्रति लोगों का गुस्सा भी खूब देखने को मिला। लोगों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद, जोरावर सिंह अमर रहे के नारे लगाए। यह सब देख शहीद की पत्नी बेहोश हो गई और सरवीण चौधरी ने उन्हें ढाढस बंधाया। शहीद के पार्थिव देह को उनके छह साल के बेटे रूद्रांश ने मुखाग्नि दी। इस दौरान सेना की सात सदस्यीय टुकड़ी ने तीन राउंड हवा में फायर कर वीर सपूत को सलामी दी। इस मौके पर शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी के अलावा प्रशासन और सेना के अधिकारियों सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए। सरवीण चौधरी ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि प्रदेश के जवान देश की सीमाओं की रक्षा के लिए हमेशा आगे रहकर लड़े हैं। शहीद जोरावर सिंह का सर्वोच्च बलिदान देश हमेशा याद रखेगा। भारत सरकार के साथ-साथ प्रदेश सरकार भी ऐसे मामलों के प्रति संवेदनशील है। प्रदेश सरकार की ओर से शहीद के परिवार को यथासंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। शहीद जवान के परिवार में उनके पिता सेवानिवृत्त सूबेदार राय सिंह, माता, पत्नी सरंजना और दो बेटियां तथा एक बेटा है। शोक संदेश में खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर, स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार, उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं जताते हुए शहीद जोरावर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की है। इस दौरान शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी, एसडीएम जगन ठाकुर, डीएसपी मेघनाथ, नायब तहसीलदार दीक्षांत ठाकुर, कांग्रेस नेता केवल सिंह पठानिया, सेना से ब्रिगेडियर नवदीप बरार, सीओ कपिल गोड, अमजद अली, भीम सिंह, सुरेश, उत्तम, बीडीसी रैत के अध्यक्ष विजय कुमार, कार्निक पाधा, पंचायत समिति के पूर्व चेयरमैन कर्ण परमार, भूतपूर्व सैनिकों सहित हजारों लोगों ने शहीद को श्रद्धांजलि दी।

हमेशा याद रहेगा बलिदान

जवान को राजकीय सम्मान के साथ दी विदाई छह साल के लाड़ले ने दी चिता को मुखाग्नि

शिमला — राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में शहीद हुए कांगड़ा के रैत गांव के हवलदार जोरावर सिंह को श्रद्धांजलि दी है। राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश के बहादुर सिपाही ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को इस दुखद घड़ी में उभरने की शक्ति देने की कामना की है। मुख्यमंत्री ने संदेश में कहा है कि राज्य के वीर सैनिकों ने हमेशा ही देश की सुरक्षा के लिए संघर्ष कर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। हवलदार जोरावर सिंह के बलिदान को हमेशा याद रहेगा। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी शहीद जोरावर सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App