सलूणी को सिविल अस्पताल की सौगात जल्द

By: Mar 23rd, 2018 12:05 am

सलूणी – स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने कहा है कि जल्द सीएचसी सलूणी का दर्जा बढ़ाकर सिविल अस्पताल किया जाएगा। सिविल अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के अलावा पचास बेड की सुविधा भी मुहैया करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सीएचसी का दर्जा बढ़ाने की विधिवत घोषणा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से करवाई जाएगी। वह गुरुवार को उपमंडल मुख्यालय स्थित पीडब्ल्यूडी के विश्राम गृह में आयोजित जनसभा में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। विपिन परमार ने पूर्व कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि पट्टिका लगाने से विकास नहीं होता। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने राजनीतिक लाभ की चेष्ठा से स्वास्थ्य व शिक्षण संस्थान तो खोल दिए, लेकिन वहां मूलभूत सुविधाओं को जुटाने के अलावा स्टाफ  की तैनाती नहीं कर पाई। भाजपा ने प्रदेश की सत्ता संभालते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के अलावा रिक्त चिकित्सकों व पैरा मेडिकल स्टाफ  के पदों को भरने की कवायद छेड़ दी है। उन्होंने बताया कि दो सौ एमओ के पदों को भर दिया गया है, जबकि 1983 पैरा मेडिकल स्टाफ  को भरने की प्रक्रिया जल्द आरंभ होने जा रही है। विपिन परमार ने कहा कि सिकरीधारी में सीमेंट कारखाने की स्थापना को लेकर भी सकारात्मक कदम उठाकर युवाओं को रोजगार प्रदान किया जाएगा। प्रदेश की भाजपा सरकार लोगों को पारदर्शी व जवाबदेह प्रशासन देने के प्रति कृत संकल्पित है। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का व्याख्यान भी किया। विपिन परमार ने चुटकी लेते हुए जनता से आह्वान किया कि विस चुनावों में हुई मामूली चूक की आगामी लोकसभा चुनावों में भरपाई करते हुए एनडीए की सत्ता में ताजपोशी कर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद दोबारा से काबिज करवाने में अहम रोल अदा करें। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार का सलूणी पधारने पर जिला भाजपा प्रधान डीएस ठाकुर की अगवाई में कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित भी किया। डीएस ठाकुर ने एसपीओज की वेतन विसंगति को दूर करने का मसला भी उठाया। इस मौके पर एसडीएम सलूणी अनिल भारद्वाज, डीएसपी रामकरण, सीएमओ डा. वाईडी शर्मा, वरिष्ठ भाजपाई राजेंद्र पटियाल, मुकेश शर्मा व मदन ठाकुर के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण

सलूणी — स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने सलूणी दौरे के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण भी किया। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों से मुलाकात कर विभाग द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी भी हासिल की। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों का कुशलक्षेम भी पूछा। तदोपरांत स्वास्थ्य मंत्री ने सलूणी में लोगों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने अधिकांश समस्याओं व मांगों का मौके पर निपटारे के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। दोपहर बाद स्वास्थ्य मंत्री ने प्रसिद्ध शक्तिपीठ भलेई माता मंदिर परिसर में जाकर माथा भी टेका।

25 से होगा युवा उत्सव का आगाज

चंबा – चंबा रि डिस्कवर मंच अब युवा के सामाजिक, व्यक्तित्व, बौद्धिक और सांस्कृतिक विकास पर फोकस करने वाला है। इसके लिए बाकायदा डिस्कवर मंच ने एक बड़ी योजना बनाते हुए युवा उत्सव बनाने का फैसला लिया है, ताकि जिला का युवा वर्ग गलत दिशा में भटकने की बजाय सही मार्ग पर चल सकें। चंबा रि डिस्कवर मंच जिला में काफी अरसे से काम कर रहा है। सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों के साथ- साथ जनता की मांग, समस्याओं को भी मंच प्रमुखता से उठाता रहा है।  इस अभियान को युवा उत्सव का नाम दिया गया है। 25 मार्च से इस अभियान को जिला में चलाया जाएगा। चंबा रि डिस्कवर मंच से जुड़े धर्म चंद ने भी पुष्टि करते हुए कहा कि जिले भर में चंबा रि डिस्कवर मंच विभिन्न संस्थाओं के साथ मिलकर युवा उत्सव मनाने जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App