हिमाचली बेटी का केपटाउन में कलरफुल वेलकम

By: Mar 4th, 2018 12:06 am

शिमला की प्रतिभा जम्वाल संग सागर परिक्रमा पर निकली टीम तारिणी का चौथा चरण पूरा

भुंतर— पांच साथियों संग सागर परिक्रमा कर रही हिमाचली बेटी लेफ्टिनेंट कमांडर प्रतिभा जम्वाल का केपटाउन में टीम सहित कलरफुल स्वागत हुआ। समुद्र में भारतीय नारी की शक्ति की परिचायक टीम तारिणी ने अपने मिशन का एक और चरण पूरा लिया है। जब टीम केपटाउन पहुंची तो हिमाचली बेटी प्रतिभा के नाम एक और उपलब्धि दर्ज हो गई। समुद्री मिशन पर निकली उक्त टीम 14 मार्च तक केपटाउन में ही रहेगी और इसके बाद अंतिम चरण में भारत के लिए रुख करेगी। दो सप्ताह के दौरान दक्षिण अफ्रीका में उनके सम्मान में कई सरकारी कार्यक्रम होंगे। भारतीय नौसेना ने यह जानकारी दी। केपटाउन में उतरी टीम का स्थानीय कार्यकारी मेयर पैट्रिका डि-लिली, रियर एडमिरल ईएम मसांबो, दक्षिण अफ्रीका में भारत की उच्चायुक्त रुचिरा कंबोज, भारत के रक्षा सलाहकार कैप्टन मंजीत एम थॉमस व भारतीय राजदूत अभिषेक शुक्ला के अलावा दक्षिण अफ्रीका नेवी और अन्य अफसरों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान बच्चों ने भी टीम से मुलाकात की। प्रतिभा जम्वाल और टीम तारिणी ने इस परिक्रमा के पहले चरण में आस्ट्रेलिया, फिर न्यूजीलैंड और फॉकलैंड आईलैंड में तीसरा चरण पूरा किया था। पांच चरणों की सागर परिक्रमा के तहत टीम अब तक करीब 17500 समुद्री मील सफर पूरा कर चुकी है। अब तक करीब 4100 समुद्री मील सफर अंतिम चरण में पूरा किया जाएगा।

कई कीर्तिमान किए नाम

टीम ने इस दौरान कई कीर्तिमान अपने नाम किए हैं, जिनमें दक्षिण गोलार्द्ध के तीन खतरनाक अंतरीप से गुजरने, भू-मध्य रेखा को दो बार पार करने, सभी देशांतर को उसी दिशा से पार करने के रिकार्ड शामिल है। उक्त टीम संसार जलयात्रा के दौरान समुद्री प्रदूषण का स्तर जांचने का कार्य कर रही है तो भारतीय मौसम विभाग के लिए समुद्री तरंगों के आंकड़े भी जुटा रही है, जिससे भविष्य में मौसम की स्टीक भविष्यवाणी की जा सकेगी। प्रतिभा जम्वाल हिमाचली की इकलौती महिला अधिकारी हैं, जो देश के इस पहले वैश्विक मिशन का हिस्सा बनी हैं और रिकार्ड अपने नाम कायम किया है।

नौसेना के सोशल पेज पर कवर फोटो

होली के मौके पर चौथा चरण पूरा करने पर टीम तारिणी भी होली के रंगों से सराबोर नजर आई। लेफ्टिनेंट कमांडर प्रतिभा जम्वाल के अलावा टीम की प्रभारी लेफ्टिनेंट कमांडर वर्तिका जोशी, लेफ्टिनेंट कमांडर पी स्वाथी, लेफ्टिनेंट पायल गुप्ता, एस विजया देवी, बी ऐश्वर्य ने होली का जश्न मनाया। भारतीय नौसेना ने टीम तारिणी के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर होली के रंग में रंगे टीम सदस्यों का कवर फोटो लगाया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App