हिमाचली होनहार पीयू के टॉपर

By: Mar 7th, 2018 12:04 am

नादौन के किटपल के रजत को एमएससी केमिस्ट्री में गोल्ड मेडल

नादौन — नादौन के किटपल गांव निवासी रजत शर्मा को पंजाब विश्वविद्यालय में एमएससी केमिस्ट्री में फर्स्ट आने पर सोने का तमगा मिला है। अब विश्वविद्यालय की ओर से रजत इंग्लैंड में मेडिसिन विषय पर शोध करने जा रहे हैं। रजत के पिता डा. दौलत राम ने बताया कि रजत को यह इनाम विश्वविद्यालय के 67वें दीक्षांत समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू, पंजाब व हरियाणा के राज्यपाल तथा फ्लाइंग सिक्ख मिल्खा सिंह की उपस्थिति में प्राप्त हुआ है। चामुक्खा हाई स्कूल में बतौर मुख्याध्यापिका कार्यरत रजत की माता बीना शर्मा ने बताया कि रजत की प्रारंभिक शिक्षा टिहरी स्कूल में हुई है।  पढ़ाई के साथ-साथ रजत ने अपने स्तर पर एक सामान्य विज्ञान के प्रश्न-उत्तरों का एक बैंक तैयार किया है, जिसे उसने नेट पर भी शेयर किया है।

बद्दी की इंदु एमफिल हिस्ट्री में यूनिवर्सिटी में रही पहले नंबर पर

बद्दी — हिमाचल की बेटी इंदु मेहता ने पंजाब यूनिवर्सिटी की एमफिल की परीक्षाओं में पहला स्थान प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इंदु मेहता बद्दी के निकटवर्ती गांव कुडावाला गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी की एमफिल (हिस्ट्री) में पहला स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल किया है। पंजाब यूनिवर्सिटी में एक समारोह में इंदु मेहता को विवि के वाइस चांसलर द्वारा डिग्री व गोल्ड मेडल प्रदान किया गया। समारोह में उपराष्ट्रपति व विवि के चांसलर वैंकेया नायडू ने मुख्यातिथि के रूप शिरकत की। इंदु मेहता ने कहा कि यह उनके लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। इंदु मेहता के पिता राम करण मेहता ने कहा कि इंदु ने कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App