हिमाचल में 809 भिखारी

By: Mar 22nd, 2018 12:04 am

नई दिल्ली— केंद्र सरकार ने बुधवार को देश में भिखारियों की संख्या का आंकड़ा जारी करते हुए बताया कि भारत में कुल 413760 भिखारी हैं, जिनमें 221673 भिखारी पुरुष और 191997 महिलाएं हैं। हिमाचल प्रदेश में इनकी कुल संख्या 809 है, जिनमें 504 पुरुष और 305 महिला भिखारी शामिल हैं। लोकसभा में सामाजिक कल्याण मंत्री थावरचंद गहलोत ने यह डाटा पेश किया। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि हिमाचल में भीख मांगने वाले कितने स्थानीय निवासी हैं और कितने बाहरी राज्यों से यहां रह रहे लोग। आंकड़ों के मुताबिक, भिखारियों की संख्या में पश्चिम बंगाल पहले पायदान पर है। यहां कुल 81244 भिखारी हैं। दूसरे नंबर पर उत्तर प्रदेश (65835) और बिहार (29723) तीसरे नंबर पर है। सबसे कम भिखारियों की संख्या लक्षद्वीप में है। यहां केवल दो भिखारी हैं। मणिपुर और पश्चिम बंगाल में महिला भिखारियों की संख्या पुरुषों से ज्यादा है। मध्य प्रदेश में कुल 28695 भिखारी हैं, जिनमें से 17506 पुरुष और 11189 महिलाएं हैं। गुजरात में भिखारियों की संख्या 13445 है, जबकि  पंजाव में 7939 और हरियाणा में 8682। भिखारियों की संख्या के लिहाज से देखें तो पूर्वोत्तर के राज्य काफी अच्छी स्थिति में हैं। पूर्वोत्तर के राज्यों में भिखारियों की संख्या बहुत कम है। अरुणाचल प्रदेश में सिर्फ 114 भिखारी हैं, नागालैंड में 124 और मिजोरम में सिर्फ 53 भिखारी ही हैं। संघ शासित प्रदेश दमन और दीव में 22 भिखारी हैं, तो लक्षद्वीप में सिर्फ दो ही भिखारी हैं। सामाजिक कल्याण मंत्रालय की इस लिस्ट में एक और बात स्पष्ट हुई है कि पर्वतीय प्रदेशों में भी भिखारियों की संख्या काफी कम है। उत्तराखंड में 3320 भिखारी हैं और हिमाचल प्रदेश में 809 भिखारी हैं। दिल्ली में भिखारियों की संख्या 2187 है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App