खुनाची में बनेगा हेलिपैड

By: Apr 20th, 2018 12:07 am

दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया ऐलान, छतरी को आईटीआई का तोहफा

थुनाग – मुख्यमंत्री बनने के बाद सराज विस के छतरी में पहली बार पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का लोगों ने भव्य स्वागत किया। छतरी क्षेत्र में जगह-जगह पर मुख्यमंत्री के स्वागत को लोग उमडे़ रहे। वहीं मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार पहुंचे जयराम ठाकुर ने भी क्षेत्र के विकास के लिए घोषणाओं में कोई कमी नहीं रखी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने छतरी क्षेत्र को जोड़ने वाली चार सड़कों का भूमि पूजन किया, जिसके बाद उन्होंने मगरू महादेव मैदान में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने छतरी में आईटीआई खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को घर में औद्योगिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गाड़ागुशैण-छतरी से शिमला बस चलाने के भी आदेश परिवहन विभाग को दिए। उन्होंने कहा कि जगह मिलने पर छतरी में 20 लाख से बस स्टैंड बनाया जाएगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि खुनाची में पांच लाख रुपए से हेलिपैड का भी निर्माण होगा, जिससे क्षेत्र के पर्यटन को भी फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर छतरी उपतहसील की सभी छह पंचायतों को 15-15 लाख रुपए देने की भी घोषणा की। इसके साथ लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस को 16 लाख रुपए और छतरी स्कूल के मैदान को दस लाख रुपए देने और छतरी क्षेत्र में मुद्रिका बस चलाने का भी मुख्यमंत्री ने ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने छतरी महिला मंडल को भी तीन लाख रुपए देने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर कहा कि छतरी क्षेत्र की सड़कों की दशा सुधारने पर करोड़ों रुपए खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूरे प्रदेश में एक समान विकास करवाएगी। बदले की भावना से वर्तमान सरकार कोई कार्य नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अब एक नई शुरुआत हुई है और उसका श्रेय सराज विस क्षेत्र को जाता है। उन्होंने कहा कि सराज विस क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। वहीं इस अवसर पर करसोग के विधायक हीरा लाल, आनी के विधायक किशोरी लाल, मुख्यमंत्री के ओएसडी शिशु धर्मा, जिला भाजपा उपाध्यक्ष जोध सिंह, सराज मंडल भाजपा अध्यक्ष शेर सिंह, प्रधान ग्राम पंचायत छत्तरी अजीत राणा, पूर्व प्रधान रितू शर्मा और जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

जीवनसंगी की तलाश हैतो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें– निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन करे!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App