गूगल ने डूडल बनाकर याद की पहली महिला डाक्टर 

By: Apr 1st, 2018 12:05 am

सर्च इंजन गूगल ने देश की पहली महिला डाक्टर आनंदी गोपाल जोशी पर डूडल बनाकर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया है। आनंदी जोशी का जन्म 31 मार्च 1865 को महाराष्ट्र के ठाणे जिले के यमुना में हुआ था। नौ साल की उम्र में ही उनका विवाह गोपाल राव जोशी से हुआ था। मात्र 14 साल की उम्र में इलाज के अभाव में अपने दस दिन के बच्चे की मौत के बाद उन्होंने डाक्टर बनने की ठानी थी और 21 साल की उम्र में वर्ष 1886 में अमरीका के पेनसिल्वेनिया स्थित वीमिन्स मेडिकल कालेज ऑफ पेनसिल्वेनिया से डाक्टरी की पढ़ाई पूरी की, लेकिन अगले ही साल तपेदिक से उनकी मौत हो गई। जब उन्होंने अपनी डिग्री पूरी की तो ब्रिटेन की तत्कालीन महारानी  विक्टोरिया ने उन्हें बधाई संदेश भेजा था। पढ़ाई पूरी करने के बाद 1886 में आनंदी जोशी भारत लौट आईं । उन्हें कोल्हापुर के स्थानीय एलबर्ट एडवर्ड अस्पताल के महिला वार्ड का प्रभारी नियुक्त किया। आनंदी जोशी के पति जो उम्र में उनसे कई साल बड़े थे, पत्नी की आरंभिक शिक्षा में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा उन्हें लिखना और पढ़ना सिखाया। अमरीका जाने से पहले वह कुछ समय कोलकाता में भी रही थीं। गूगल के लिए बंगलूर की कश्मीरा सरोदा ने डूडल बनाया है। इसमें आनंदी जोशी डिग्री लेती हुई दिख रही हैं और उनकी हरे रंग की साड़ी लहरा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App