नाड़ू की जांच के बाद करवाएं गर्भाधान

By: Apr 26th, 2018 12:05 am

मेरी जर्सी गाय की एक बार प्रसूति हुई है। यह प्रसूति छह साल पहले हुई थी। अभी भी वह हर 20-21 दिन बाद गरमाने के लक्षण देती है, परंतु टिक नहीं रही है। क्या करें?

— सुनील, करसोग

आपके पशु की प्रसूति को छह साल हो गए हैं। उसके बाद वह हर 20-21 दिन बाद गरमाने के लक्षण देती है, परंतु गर्भवती नहीं हो पा रही है। ऐसा प्रतीत होता है कि या तो आपके पशु में ओवेरो बर्सल एडीसनस बन गए हैं या उसकी डिंबवाहिनी में सोजिश की वजह से वह बंद हो गई है। इन दोनों परिस्थिति में पशु के अंडाशय में अंडा बनता है, परंतु वह बच्चेदानी में नहीं पहुंच पाता है, जहां पर शुक्राणु होते हैं, नतीजतन बच्चा नहीं बन पाता है।

इसके निदान के लिए आप अपने पशु को पशु चिकित्सा अधिकारी को दिखाएं, क्योंकि पशु औषधियोजक इसका निदान नहीं कर सकता है। पशु चिकित्सा अधिकारी आपको बता देगा कि आपके पशु को उपरोक्त अवस्था है की नहीं। यदि उपरोक्त अवस्था नहीं होगी तो आपके पशु का सफलतापूर्वक इलाज हो जाएगा। अगर उपरोक्त अवस्था होगी तो मैं आपको परामर्श देता हूं कि आप अपनी गाय का दूध (जो वह दिन का एक लीटर दे रही है) को सुखा दें व पशु चिकित्सा अधिकारी से मिलकर उसका कृत्रिम ढंग से दूध उतरवाने के इजेक्शन का कोर्स करवाएं।

मेरी कट्टी का चार महीने का गर्भपात हो गया है। अब क्या करें

—श्रीराम, बिलासपुर

आपकी कट्टी का गर्भपात हुआ है। इसका मतलब है कि शायद उसकी बच्चेदानी में संक्रमण था, जिसकी वजह से उसका गर्भपात हुआ है। अभी आप उसकी बच्चेदानी को तीन दिन तक दवाई के साथ सफाई करवाएं। साथ ही अगले डेढ़-दो महीने तक उसका गर्भाधान न करवाएं। उसके बाद जब भी वह गरमाने के लक्षण दे तो उसके नाड़ू की जांच करवाकर उसका गर्भाधान करवाएं।

अभी आप उसे पेट के कीड़ों की दवाई दें।

* खनिज मिश्रण 50 ग्राम प्रतिदिन दें।

* पशु आहार एक किलो सुबह व 1 किलो शाम को दें।

मेरी भैंस को दस्त लगे हुए हैं। एक महीने पहले भी लगे थे। दवाई दें तो ठीक हो जाते हैं, परंतु दवाई बंद करने पर फिर लग पड़ते हैं, क्या करें?

—सुनील, परागपुर

ऐसा प्रतीत होता है कि आपके पशु को बार-बार अपच हो जाता है । अभी आप उसे

—पेट के कीड़ों की दवाई दें।

—पाउडर नेबलोन 50 ग्राम दिन में तीन बार लुगड़ी के साथ तीन दिन दें।

—मेबोलिव 25 एमएल प्रतिदिन दस दिन दें।

—मलेड़ा 15 ग्राम प्रतिदिन दें।

—हरा व सूखा घास मिलाकर दें।

जब आपके पशु का गोबर ठीक हो जाए, उसके बाद भी 15-20 दिन तक मेबोलिव दवाई अपने पशु को देते रहें।

डा. मुकुल कायस्थ वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, उपमंडलीय पशु चिकित्सालय पद्धर(मंडी)

फोनः 94181-61948

नोट : हेल्पलाइन में दिए गए उत्तर मात्र सलाह हैं।

Email: mukul_kaistha@yahoo.co.in

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App