नाहन में तिरंगे संग अनूठी दौड़

By: Apr 22nd, 2018 12:06 am

मरीजों की चैरिटी को चौबीस घंटे ट्रेड मिल पर दौड़ेंगे सुनील

नाहन— नया एशियाई रिकार्ड कायम करने व तीन मरीजों की जान बचाने के उद्देश्य से अल्ट्रा मैराथन धावक सुनील शर्मा शनिवार देर शाम हाथ में तिरंगा थामे नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान के दो चक्कर काटने के बाद ट्रेड मील पर चौबीस घंटे के लिए दौड़ पड़े हैं। देश की ही नहीं बल्कि एशिया की खुले मैदान में पहली माने जाने वाली इस दौड़ की शुरुआत एसडीएम नाहन विवेक शर्मा ने की। शहर के भारी संख्या में लोगों के बीच सुनील शर्मा ने जिला सिरमौर के तीन मरीजों की जान बचाने के लिए अपनी जान दांव पर लगाने की गेम शुरू कर दी है। चौबीस घंटे ट्रेड मील पर दौड़ना एक कठिन चुनौती माना जा रहा है। देर शाम करीब साढ़े छह बजे नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में दो किडनी के मरीजों व एक हार्ट के मरीज की जान बचाने के लिए शुरू की गई सुनील शर्मा की इस दौड़ के साक्षी पूरे नाहन शहर के लोग बन रहे हैं। दौड़ को बकायदा चौगान मैदान व इसके आसपास लाइव स्क्रीन पर टेलीकास्ट किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी सुनील शर्मा के इस अद्भुत दौड़ को प्रसारित किया जा रहा है। शहर के विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं व शहरवासी भी सुनील का हौंसला बढ़ाने के लिए चौगान मैदान में एकत्रित हो रहे हैं। गौर हो कि सुनील शर्मा चौबीस घंटे में ट्रेड मील पर करीब 200 किलोमीटर की दूरी तय करने का लक्ष्य लेकर शनिवार देर शाम साढ़े छह बजे से रविवार देर शाम साढ़े छह बजे तक लगातार दौड़ेंगे। इस बीच कुछ क्षणों की व्यवस्था शौचालय व अल्प आहार के लिए रखी गई है।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App