बीआरओ की तैयारियां बर्फ में दफन

By: Apr 23rd, 2018 12:05 am

मनाली —बर्फ से लदे रोहतांग के दीदार के लिए सैलानियों को कुछ और दिन इंतजार करना पड़ेगा। प्रशासन ने जहां सैलानियों की चहलकदमी बढ़ती देख पहले यह योजना बनाई थी कि 20 अप्रैल के बाद रोहतांग दर्रा सैलानियों के लिए खोल दिया जाएगा, लेकिन खराब मौसम ने योजना पर पानी फेर दिया। अब जहां दर्रे पर करीब दो फुट तक ताजा हिमपात दर्ज किया गया है, वहीं दर्रे पर फिलहाल हालात बेहद खराब बने हुए हैं। लाहुल जाने वाले लोग एक बार फिर घाटी में फंस गए हैं, वहीं रोहतांग दर्रे पर बीआरओ को बर्फ हटाने का कार्य नए सिरे से शुरू करना पड़ा है। ऐसे में सैलानियों को अब कुछ और दिन तक रोहतांग के दीदार करने को इंतजार करना पड़ेगा। सैलानियों को प्रशासन पहले ही गुलाबा तक जाने की अनुमति दे चुका है, लेकिन सैलानियों का रोहतांग के प्रति क्रेज इस कद्र बढ़ता जा रहा है कि वे अब बेसब्री से रोहतांग बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं।  प्रशासन पहले ही अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुका है कि जब तक बीआरओ दर्रे को खोल नहीं देता, किसी भी सैलानी को रोहतांग जाने की परमिशन नहीं दी जाएगी। बता दें कि लाहुल के बाशिंदों के लिए रोहतांग दर्रा घर के दरवाजे की भूमिका अदा करता है। बर्फबारी होते ही यह दरवाजा बंद हो जाता है और लाहुल के लोग घाटी में कैद हो जाते हैं।ऐसे में बीआरओ ही एकमात्र उनका सहारा होता है, जो माइनस डिग्री के तापमान पर भी 13050 फीट की ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रे की बहाली में डटा रहता है। इस बार भी बीआरओ के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है और रोहतांग दर्रे को दोबारा बहाल करने की कोशिश में जुट गए हैं। ऐसे में रोहतांग के बहाल होते ही जहां लाहुल एक बार फिर रफतार पकड़ लेगा, वहीं सैलानियों के लिए भी रोहतांग खुलने का समय नजदीक आ जाएगा। प्रशासन का कहना है कि रोहतांग दर्रे पर सैलानियों की गाडि़यां खड़ी करने के लिए जहां पार्किंग के लिए स्थान बनाने को बीआरओ को कहा गया है, वहीं दर्रे के समीप मोबाइल टायलट भी स्थापित किए जाने हैं। इन व्यवस्थाआें के पूरा होते होने के बाद ही रोहतांग सैलानियों के लिए खोला जा सकता है। उधर, उपायुक्त कुल्लू यूनुस का कहना है कि रोहतांग की बहाली के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है और बीआरओ भी अच्छा काम कर रहा है। जल्द ही दर्रा सैलानियों के लिए बहाल कर दिया जाएगा।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App