बेमौसमी बारिश से फसलों पर पानी

By: Apr 21st, 2018 12:14 am

तूफान ने डराए लोग; कुल्लू में कई घरों की छत्तें उड़ीं, कई इलाकों में दिन में ही छाया रहा अंधेरा

शिमला— हिमाचल प्रदेश में बेमौसमी बारिश, ओलों और तूफान ने गेहूं की फसल के साथ सेब व अन्य नकदी फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है। रोहतांग, केलांग, बारालचा, पांगी, भरमौर, किन्नर कैलाश सहित धौलाधार की पर्वत शृंखलाओं ने फिर से सफेद चादर ओढ़ ली है। ताजा बर्फबारी, तूफान और तेज बारिश से समूचा राज्य फिर से शीतलहर की चपेट में आ गया है। खासतौर पर राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम के बदले मिजाज के चलते लोग अप्रैल माह के मध्य में भी गर्म वस्त्र ओढ़ने को मजबूर हो गए हैं। शुक्रवार को पांगी और भरमौर की पहाडि़यों में ताजा हिमपात हुआ। रोहतांग में पौने दो फुट, कोकसर में एक फुट, केलांग में छह इंच, बारालचा में अढ़ाई फुट, शिरगुल में दो फुट सहित धौलाधार की पर्वत शृंखलाओं पर भी हिमपात हुआ। ताजा हिमपात से रोहतांग दर्रे पर वाहनों की आवाजाही फिर से ठंडी पड़ गई है। ननखड़ी, खुनी पंचायत के कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि हुई,नकदी फसलों को नुकसान पहुंचा है। चंबा के एक-दो स्थानों पर भी ओलावृष्टि हुई है। कुल्लू में शुक्रवार को तेज तूफान चला। कुल्लू में तेज तूफान के चलते कई घरों से छतें भी उड़ी हैं। प्रदेश में शुक्रवार सुबह से ही मौसम खराब बना रहा। दोपहर बाद आसमान में काले बादल घिरने शुरू हो गए थे, जिसके चलते राज्य के कई जिलों में दिन के समय ही घोर अंधेरा घिर गया। मौसम के मिजाज बदलने से अधिकतम तापमान में एक से 15 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। भुंतर के तापमान में सबसे अधिक 15 डिग्री की गिरावट आई है। भुंतर का तापमान 31.0 डिग्री से लुढ़ककर 16.5 डिग्री तक पहुंच गया है। चंबा के तापमान में 10.0 व केलांग व कल्पा के तापमान में 8.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। केलांग का अधिकतम तापमान 2.1 डिग्री तक लुढ़क गया है, जबकि केलांग का न्यूनतम तापमान फिर से लुढ़ककर जमाव बिंदु से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में शनिवार को भी मौसम खराब बना रहेगा। 22 से 24 अप्रैल तक मौसम साफ रहेगा, जबकि 25-26 अप्रैल को प्रदेश में फिर से बारिश होगी।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App