मैदानों में 26 तक खिलेगी धूप

By: Apr 22nd, 2018 12:20 am

विभाग का पूर्वानुमान, पहाड़ों पर 24 तक साफ रहेगा मौसम

शिमला — हिमाचल प्रदेश में मौसम के मिजाज फिर बदल गए है। शुक्रवार को राज्य में मौसम द्वारा रौद्र रूप दिखाने के बाद शनिवार को समूचे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा। मौसम विभाग की मानें तो राज्य के मैदानी इलाकों में 26 अप्रैल तक मौसम शुष्क ही रहेगा। पहाड़ों पर भी 24 अप्रैल तक धूप खिलेगी। मगर यहां 25 अप्रैल से मौसम फिर करवट बदलेगा। यह क्रम 27 अप्रैल तक जारी रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश व हल्की ओलावृष्टि की संभावना जताई जा रही है। शनिवार को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा। इस दौरान भुंतर के अधिकतर तापमान में सबसे अधिक 10 डिग्री का उछाल आया है। कल्पा में 7.0 और चंबा में 6.0 डिग्री तक तापमान में बढ़ोतरी हुई है। शिमला, ऊना, सोलन, कांगड़ा और हमीरपुर के अधिकतम तापमान में शुक्रवार के मुकाबले गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आंकी गई है। मौसम विभाग के निदेशक  डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि पहाड़ों पर 24 अप्रैल तक मौसम शुष्क बना रहेगा। यहां 25 अप्रैल से फिर बारिश होगी, जबकि मैदानी इलाकों में 26 अप्रैल तक मौसम साफ रहेगा। वहीं, शुक्रवार रात को जिला शिमला के ठियोग की कई पंचायतों के साथ हिमरी देवगढ़ में भारी बारिश व ओलावृष्टि हुई। इससे सेब स्टोन फ्रूट सहित अन्य नकदी फसलों को भारी नुकसान हुआ है।

कहां-कितना तापमान

राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 21.0, सुंदरनगर में 28.0, भुंतर में 26.8, कल्पा में 16.0, धर्मशाला में 27.4, ऊना में 33.0, केलांग में 8.1, नाहन में 28.1, सोलन में 25.0, कांगड़ा में 28.1, हमीरपुर 29.3, बिलासपुर में 30.3, चंबा में 26.7 और  डलहौजी में 14.2 डिग्री सेल्सियस आंका गया।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App