मौसम ने फिर बदले रंग, पारा गिरा

By: Apr 17th, 2018 12:20 am

कई जगह बरसे बादल, अभी 21 तक बारिश के आसार

शिमला— प्रदेश में मौसम के मिजाज फिर से बदल गए हैं। सोमवार को प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में सुबह के समय बारिश हुई, जिससे अधिकतम तापमान में एकाएक भारी गिरावट आई है। तापमान में गिरावट आने से राज्य में फिर से ठंड पांव पसारने लगी है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में 21 अप्रैल तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान कुछ जगह बारिश की संभावना जताई जा रही है। 20 अप्रैल को शिमला, मंडी, कुल्लू, सोलन, सिरमौर और चंबा में कई जगह गर्जन के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। इस दौरान तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद लगाई जा रही है, जबकि समूचे राज्य में 22 अप्रैल को मौसम शुष्क रहेगा। सोमवार को सुबह के समय शिमला, कुल्लू, धर्मशाला, चंबा सहित कई क्षेत्रों में बारिश हुई। इस दौरान कई क्षेत्रों में ठंडी हवाएं भी चलीं। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में दोपहर तक मौसम खराब रहा। हालांकि दोपहर बाद मौसम खुलने पर सूर्य देव के दर्शन हुए, मगर सुबह हुई बारिश से तापमान में एकाएक भारी गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में एक से दस डिग्री सेल्सियस की गिरावट रिकार्ड की गई है। भुंतर व चंबा के अधिकतम तापमान में दस डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। हमीरपुर में सात, सुंदरनगर में छह, सोलन, कांगड़ा और बिलासपुर में तीन डिग्री तक तापमान लुढ़का है। अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान में भी एक से तीन डिग्री की गिरावट आई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।

कहां कितना रहा तापमान

शिमला में अधिकतम तापमान 22.1, सुंदरनगर में 26.5, भुंतर में 21.8, कल्पा में 19.2, धर्मशाला में 26.6, ऊना में 34.3, नाहन में 30, केलांग में 13.2, सोलन में 26, कांगड़ा में 29.5, बिलासपुर में 29.8, हमीरपुर में 26, चंबा में 20.8 और डलहौजी में 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बहरहाल, बारिश से जहां गर्मी से राहत है, तो वहीं कइयों के चेहरों पर चिंता की लकीरें हैं।

जीवनसंगी की तलाश हैतो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें– निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन करे!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App