यशवंत का भाजपा को टाटा

By: Apr 22nd, 2018 12:03 am

पटना— पिछले चार साल से बीजेपी से नाराज चल रहे सीनियर लीडर और पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने पार्टी छोड़ दी है। शनिवार को राष्ट्र मंच के अधिवेशन में पार्टी छोड़ने का ऐलान करते हुए यशवंत सिन्हा ने कहा कि मैं बीजेपी के साथ अपने सभी संबंधों को समाप्त कर रहा हूं। आज से मैं किसी भी तरह की पार्टी पोलिटिक्स से भी संन्यास ले रहा हूं। आज लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने कहा कि मैं राजनीति से संन्यास ले रहा हूं, लेकिन आज भी दिल देश के लिए धड़कता है। इस अधिवेशन में भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के अलावा कांग्रेस व आरजेडी के नेता मौजूद थे। बता दें कि 80 साल के यशवंत सिन्हा मोदी सरकार के जीएसटी और नोटबंदी जैसे फैसलों का विरोध कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि आज जो कुछ हो रहा है, उसके खिलाफ यदि हम नहीं खड़े होते हैं तो आने वाली पीढि़यां हमें माफ नहीं करेंगी।  बता दें कि 1998 में पहली बार लोकसभा के लिए चुने गए यशवंत सिन्हा अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में वित्त मंत्री थे। यही नहीं, पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की 1990 से 1991 तक चली सरकार में भी वह वित्त मंत्री थे।

मैं पार्टी छोड़कर नहीं जाने वाला

पटना — पटना में आयोजित हुए राष्ट्रमंच अधिवेशन में बीजेपी नेता और पटना साहिब लोकसभा सीट से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने पार्टी छोड़ने की अफवाहों पर पूर्ण विराम लगा दिया। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि वह पार्टी छोड़कर कहीं भी नहीं जा रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा द्वारा आयोजित राष्ट्रमंच अधिवेशन को संबोधित करते हुए बीजेपी नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने लालू यादव के बेटे और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की जमकर तारीफ भी की। अधिवेशन को संबोधित करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा कहा कि ऐसी अफवाहें थीं कि मैं पार्टी छोड़ दूंगा, क्योंकि 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में मुझे टिकट नहीं मिलेगा, लेकिन मैं आज यह साफ कर दे रहा हूं कि मैं यहीं रहने वाला हूं और कहीं भी नहीं जा रहा हूं।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App