रेणुका विकास बोर्ड के गठन पर आपत्ति

By: Apr 22nd, 2018 12:05 am

 नाहन —भाजपा सरकार ने श्रीरेणुकाजी विकास बोर्ड के नए गठन में नियमों की अनदेखी की है। सरकार ने बोर्ड के सदस्यों को यात्रा भत्ता दिए जाने की जो बात कही है वह मंदिर के धन पर जान-बूझकर अतिरिक्त बोझ डालने का प्रयास किया जा रहा है। यह बात पूर्व मुख्य संसदीय सचिव व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्रीरेणुकाजी के विधायक विनय कुमार ने यहां जारी बयान में कही। उन्होंने कहा कि रेणुका विकास बोर्ड के गठन में नियमों की अनदेखी की गई है। विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान रेणुका विकास बोर्ड के सदस्यों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाता था। उन्होंने कहा कि नियम के मुताबिक रेणुका विधानसभा क्षेत्र के विधायक को रेणुका विकास बोर्ड के सदस्य के रूप में मनोनीत करना आवश्यक होता है तथा पूर्व में भी इस तरह की प्रक्रिया चलती रही है। कांगे्रस नेता ने आरोप लगाए कि रेणुका विकास बोर्ड के गठन में केवल भाजपा के नेताओं को तवज्जो दी गई है तथा भगवान परशुराम सेवा समिति के सदस्यों की भी पूर्ण रूप से अनदेखी की गई है। उन्होंने आरोप लगाए कि भाजपा सरकार रेणुका विकास बोर्ड के धन पर अतिरिक्त बोझ डालने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि रेणुका विकास बोर्ड का गठन स्व. डा. प्रेम सिंह के कार्यकाल के दौरान किया गया था तथा तब से स्थानीय विधायक लगातार रेणुका विकास बोर्ड के सदस्य के रूप में शामिल किए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान भाजपा सरकार ने अपने ही पार्टी के विधायक को रेणुका बोर्ड का सदस्य नहीं बनाया था जिसकी जवाबदेही तत्त्कालीन भाजपा सरकार की है। उन्होंने कहा कि रेणुका विकास बोर्ड क्योंकि रेणुका विधानसभा क्षेत्र से संबंधित है। ऐसे में बोर्ड में अन्य विधानसभा क्षेत्र के सदस्यों को शामिल करने का कोई औचित्य नहीं बनता है। पूर्व मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि भाजपा सरकार ने रेणुका विकास बोर्ड के सदस्यों के रूप में एक लंबी फौज भाजपा के नेताओं की खड़ी कर दी है तथा अब इन सदस्यों को यात्रा भत्ता दिए जाने की अधिसूचना से रेणुका विकास बोर्ड के धन पर अतिरिक्त बोझ डालने का प्रयास किया गया है। विनय कुमार ने कहा कि भाजपा सरकार के पूर्व कार्यकाल के दौरान रेणुका विकास बोर्ड में बजट की क्या स्थिति थी यह बात किसी से छुपी नहीं है तथा जब वह रेणुका विकास बोर्ड के अध्यक्ष रहे तो इस अवधि के दौरान रेणुका विकास बोर्ड की आमदनी में जबरदस्त इजाफा हुआ था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जान-बूझकर बदले की भावना से रेणुका विधानसभा क्षेत्र के लोगों पर अपने निर्णय थोप रही है।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App