रोहतांग बर्फ से पैक, कबायली फिर आफत में

By: Apr 21st, 2018 12:05 am

 केलांग —बर्फीले रेगिस्तान में आसमान से कहर बरपने का दौर एक बार फिर शुरू हो गया है। लाहुल-स्पीति की चोटियों सहित समूची घाटी ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है। लाहुल के बाशिंदे जहां इस दौरान घरों में कैद हो गए हैं। वहीं, तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। पीर पंजाल की पहाडि़यों पर तो गुरुवार देर शाम से ही हिमपात का दौर शुरू हो गया है। लिहाजा, रोहतांग दर्र पर भी करीब डेढ़ से पौने दो फुट बर्फबारी दर्ज की जा चुकी है। बारालाचा दर्रे की बात करें तो यहां पर भी दो फुट बर्फबारी दर्ज की गई है। मनाली-लेह मार्ग की बहाली में जुटे बीआरओ को खराब मौसम ने सबसे बड़ा झटका दिया है। अप्रैल माह के मध्य में अचानक हालात बीआरओ के बिल्कुल अनुकूल हो गए और आसमान से ऐसी आफत बरसी की बहाल हो चुका रोहतांग दर्रा एक फिर भारी हिमपात के चलते बंद हो गया है। अधिकारियों की माने तो रोहतांग दर्रे पर हुए ताजा हिमपात के बाद अब बीआरओ को कम से कम एक सप्ताह और लगेगा तभी जाकर रोहतांग दर्रे को पुनः बहाल किया जा सकेगा। 13050 हजार फुट ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रे के अलावा  बारालाचा, कुंजुम, कुगती, हामटा में भी भारी हिमपात दर्ज किया गया है। लाहुल-स्पीति की ऊंची चोटियां पर जहां गुरुवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज बिगड़ा। वहीं, देर सांय इस क्षेत्र में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया, जो शुक्रवार को भी जारी रहा। इस दौरान रोहतांग दर्रे पर करीब डेढ़ से पौने दो फुट बर्फबारी दर्ज की जा चुकी थी। मढ़ी व कोकसर में तैनात रेस्क्यू चौकियों के कर्मियों के हवाले से कहें तो रोहतांग दर्रे पर हुए भारी हिमपात के बीच जहां दर्रे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। वहीं, दर्रे को बहाल करने में भी अब बीआरओ को कम से कम एक सप्ताह का समय लग सकता है। रोहतांग दर्रे पर हिमपात होने के साथ जहां घाटी का संपर्क शेष विश्व से कट गया है। वहीं, रोहतांग टनल तक पहुंचना भी लोगों के लिए मुश्किल है। बीआरओ ने अधिकारिक तौर पर पहले ही टनल से मरीजों को छोड़कर सभी की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है। वहीं, रोहतांग दर्रे पर भी एक बार फिर भारी हिमपात हो जाने से लोगों की दिक्कतें और बढ़ गई हैं। जानकारी के अनुसार 16 हजार फुट की ऊंचाई पर स्थित बारालाचा दर्रा पर बर्फ हटाने की कार्य भी बीआरओ का प्रभावित हो गया है। दारचा व शिंकुला दर्रे पर हालात तो और भी खराब हो गए हैं।

सुरक्षित स्थलों पर रहें लोग

उपायुक्त लाहुल-स्पीति अश्वनी कुमार चौधरी का कहना है कि वे भले ही इन दिनों जिला से बाहर हों, लेकिन लाहुल-स्पीति के लोगों के प्रति उनकी चिंता लाजिमी हैं। उन्होंने कहा कि वे लोगों से वे लोगों से अपील करते हैं कि खराब मौसम के बीच घरों से बाहर न जाएं और सुरक्षित स्थलों पर ही रहें। उन्होंने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर केलांग मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट पर रहने के लिए कहा है।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App