लाहुल-पांगी में फंसी एचआरटीसी की बसें

By: Apr 21st, 2018 12:05 am

रोहतांग दर्रे पर पौने दो फुट ताजा हिमपात; आवाजाही ठप, ठंड की चपेट में क्षेत्र

केलांग— लाहुल-स्पीति में फिर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। इससे एचआरटीसी की बस सेवा प्रभावित हुई है। वहीं, रोहतांग दर्रे पर करीब पौने दो फुट बर्फबारी दर्ज की जा चुकी है। लाहुल-स्पीति में कहर बनकर बरस रहे अंबर ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है। जानकारी के अनुसार लाहुल-स्पीति की इनर घाटी में एचआरटीसी के सभी रूट बर्फबारी के कारण प्रभावित हुए हैं। कोकसर, नैनगार और शुकटो में केलांग डिपो की तीन बसें फंस गई हैं। केलांग डिपो के आरएम मंगल चंद मनेपा का कहना है कि लाहुल में तीन और पांगी के आठ रूटों में दो स्थानों पर एचआरटीसी की बसें फंस गई हैं, जबकि यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। लाहुल-स्पीति की चोटियों सहित समूची घाटी ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है। इससे तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। पीर पंजाल की पहाडि़यों पर तो गुरुवार देर शाम से ही हिमपात का दौर शुरू हो गया था। लिहाजा, रोहतांग दर्र पर भी करीब डेढ़ से पौने दो फुट बर्फबारी दर्ज की जा चुकी है। बारालाचा दर्रे पर भी दो फुट बर्फबारी हुई है। मनाली-लेह मार्ग की बहाली में जुटे बीआरओ को खराब मौसम ने बड़ा झटका दिया है। इस तरह बहाल हो चुका रोहतांग दर्रा एक फिर भारी हिमपात के चलते फिर बंद हो गया है। अधिकारियों की मानें तो रोहतांग दर्रे को पुनः बहाल करने में अब बीआरओ को कम से कम एक सप्ताह और लगेगा। रोहतांग दर्रे के अलावा  बारालाचा, कुंजुम, पिन पार्वती वैली, कुगती व हामटा में भी भारी हिमपात हुआ है। रोहतांग दर्रे पर हिमपात होने के साथ जहां घाटी का संपर्क शेष विश्व से कट गया है, वहीं रोहतांग टनल तक पहुंचना भी लोगों के लिए मुश्किल है।  बीआरओ ने अधिकारिक तौर पर पहले ही टनल से मरीजों को छोड़कर सभी की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है।

 आम-लीची तबाह

ऊना— जिला भर में शुक्रवार को आंधी-तूफान ने आम व लीची की फसल को नुकसान पहुंचाया है, जिससे बागबानों के चेहरों पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। ऊना में आम को करीब दस फीसदी नुकसान हुआ है।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App