15 साल में बनी मां, बाप 11 का

By: Apr 3rd, 2018 12:20 am

मंडी जिला में सामने आया मामला, पद्धर अस्पताल में लड़के को दिया जन्म

मंडी, पद्धर – पद्धर में 15 साल की नाबालिग के मां बनने का मामला सामने आया है। मामले में हैरानी की बात यह है कि आधार के हिसाब से लड़का मात्र 11 वर्ष का है, जबकि दोनों पति-पत्नी हैं। पूरे मामले में पुलिस थाना पद्धर में पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ है। दोनों के शादीशुदा होने और उम्र के बड़े अंतर के बाद मामला उलझ गया है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले एक गर्भवती महिला पद्धर अस्पताल में दाखिल हुई और उसने 27 मार्च को एक लड़के को जन्म दिया। अस्पताल में जब लड़की और पिता का आधार कार्ड मांगा गया, तो उसमें दोनों ही नाबालिग पाए गए। इसके बाद अस्पताल की ओर से पुलिस को सूचित किया गया और पद्धर पुलिस ने इसमें पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि अब पेंच दोनों की उम्र को लेकर फंस गया है, क्योंकि आधार में माता-पिता की उम्र 18 से कम है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने पंचायत से लड़की की उम्र का रिकार्ड खंगाल लिया है, जिसमें लड़की नाबालिग ही पाई गई। ऐसे में अब पुलिस पंचायत रिकार्ड से लड़के का रिकार्ड खंगालने में लग गई है। हालांकि लड़की के नाबालिग होने के चलते पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज कर लिया गया है, लेकिन अब लड़के की उम्र जो कि आधार में 11 वर्ष बताई जा रही है, वह अपने आप में पुलिस के लिए बड़ा सवाल बन चुकी है।

मामला कुछ ऐसा

लड़की के पिता की मौत हो चुकी है, जबकि उसकी मां दूसरी शादी कर चुकी है और लड़के के माता-पिता दोनों का ही देहांत हो चुका है। एसपी मंडी गुरदेव शर्मा ने बताया कि छानबीन की जा रही है। लड़की का पंचायत रिकार्ड खंगाल लिया गया है। इसमें मां बनने वाली लड़की नाबालिग ही है, जबकि लड़के का पंचायत रिकार्ड अभी जांचा जाना बाकी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App