207 अधिकारी-कर्मचारी रिटायर

By: Apr 1st, 2018 12:25 am

प्रदेश भर में विदाई पार्टियां, डीआईजी पुलिस डा. विनोद कुमार धवन, हिमुडा के सीईओ कश्यप सेवानिवृत्त

शिमला— राज्य में शनिवार को विभिन्न विभागों और बोर्डों से कई कर्मचारी और अधिकारी सेवानिवृत्त हो गए। जानकारी के अनुसार राज्य में करीब 207 अधिकारी और कर्मचारी सेवानिवृत हुए हैं। पुलिस विभाग में डीआईजी डा. विनोद कुमार धवन व हिमुडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) दिनेश कश्यप भी अपने पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। विभिन्न विभागों में अधिकारियों और कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति पर विदाई पार्टियों का आयोजन किया गया। वहीं सचिवालय से तीन अनुभाग अधिकारी और एक वरिष्ठ निजी सचिव रिटायर हुए, जिनके लिए सचिवालय में विदाई पार्टी का आयोजन किया गया।

डीएसपी पद से शुरुआत

पुलिस विभाग में डीआईजी क्राइम के पद पर तैनात डा. विनोद कुमार धवन करीब 32 साल के पुलिस महकमे को दी गई सेवाओं के बाद शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए। श्री धवन ने हिमाचल पुलिस सेवा में चयनित होने के बाद डीएसपी के पद से अपने करियर की शुरुआत की थी। वह पुलिस विभाग में कई अहम पदों पर रहें हैं। हिमाचल पुलिस एक्ट-2007 को बनाने में डा. विनोद कुमार धवन की अहम भूमिका रही है। उन्होंने ने अपने सेवाकाल में कई बड़े केसों को सुलझाया है। कुल्लू में एसपी रहते हुए डा. धवन ने मनाली में एक अमरीकी महिला के साथ हुए गैंगरेप का मामला सुलझाया था। कुल्लू में नशे के काराबोर के खिलाफ इन्होंने बड़ी मुहिम छेड़ी थी।

36 साल हिमुडा को सेवाएं

हिमुडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी सीईओ के पद से डीके कश्यप शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए। एसडीओ के पद से सीईओ के पद तक का सफर करने वाले कश्यप साफ-सुथरी छवि के अधिकारी थे। उन्होंने करीब 36 साल की सेवाएं हिमुडा को दीं और हिमुडा का वित्तीय संकट से उबारने और हिमुडा द्वारा बनाई जाने वाली कई नई कालोनियां बनाने की प्रक्रिया शुरू करने और शिमला के समीप का स्मार्ट टाउनशिप बनाने का प्लान भी इनके कार्यकाल में तैयार हुआ है। वहीं सरकार ने हिमुडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद का अतिरिक्त कार्यभार चीफ इंजीनियर उमेश कुमार शर्मा को दिया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App