उत्तम पाचारणे ललित कला अकादमी के नए अध्यक्ष

By: May 25th, 2018 12:06 am

राष्ट्रपति कोविंद ने दी बड़ी जिम्मेदारी, कार्यभार संभालने पर संस्कृति मंत्री डा. महेश शर्मा की बधाई

नई दिल्ली— राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा ललित कला अकादमी के अध्यक्ष पद पर नियुक्त प्रख्यात मूर्तिशिल्पी उत्तम पाचारणे ने कार्यभार संभाल लिया। अध्यक्ष उत्तम पाचारणे का अकादमी में कार्यकाल अगले तीन वर्ष तक है।  संस्कृति मंत्री डा. महेश शर्मा ने श्री पाचारणे को कार्यभार संभालने पर बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि श्री पाचारणे अकादमी को कला के आकाश में नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डा. विनय सहस्त्रबुद्धे और प्रख्यात शिल्पकार राम वी सुतार ने भी श्री पाचारणे को शुभकामनाएं दीं। श्री पाचारणे का ललित कला अकादमी में स्वागत शिल्पकार रवींद्र साल्वे एवं दीपक नारायण पवनीकर, ललित कला अकादमी की प्रभारी सचिव विशालाक्षी निगम, उपसचिव भीष्म मिरानी और ललित कला अकादमी के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया। मूर्तिकार उत्तम पाचारणे राष्ट्रीय ललित कला अकादमी नई दिल्ली के पूर्व सदस्य हैं। वह बांबे आर्ट सोसायटी के तीन बार अध्यक्ष रहे हैं तथा पिछले 23 वर्षों से सोसायटी की समिति के सक्रिय सदस्य भी हैं। वर्तमान में श्री पाचारणे जनसेवा सहकारी बैंक, बोरीवली के संचालक के रूप में चौथी कार्यावधि में हैं। वह कला अकादमी, गोवा और पीएल देशपांडे राज्य ललित कला अकादेमी के परामर्श मंडल के सदस्य हैं।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App