ऊना की सड़कें होंगी चकाचक

By: May 21st, 2018 12:05 am

ऊना —भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने बताया है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के मार्च माह में हुए दौरे के दौरान हलके के विकास कार्यों की जितनी मांगें सीएम के समक्ष उठाई गई थीं, उन्हें सीएम ने तत्काल मंजूर किया था। जिसके चलते कई विकास कार्य पूरे हो चुके हैं। जबकि शेष कार्य भी जल्द शुरू कर लोगों को समर्पित किए जाएंगे। श्री सत्ती ने कहा सीएम के दौरे के दौरान सड़कों की मरम्मत के मसले को प्रमुखता से उठाया गया था। जिसमें से कई कामों को मुकम्मल कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इन कामों में 28 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत के काम को करीब तीन करोड़ रुपए से पूर्ण किया जाना है। उन्होंने बताया कि संतोषगढ़ से मजारा होते हुए सलोनी गांव तक करीब 1.700 किलोमीटर सडक़ की मरम्मत 8.31 लाख से की गई। सर्कुलर रोड से सनोली तक 1.600 किलोमीटर 11 लाख से, संतोषगढ़ से नूरपुर बेदी सडक़ मार्ग को पंजाब सीमा तक 10.20 लाख रुपए  व अजोली से पूना, बीनेवाल तक संपर्क मार्ग की भी मरम्मत कर दी गई है। जबकि शेष बचे कामों को भी जल्द पूरा किया जाएगा। इनमें नंगल रोड स्थित ऊना पुल से रामपुर तक करीब तीन किलोमीटर सड़क  को 20.90 लाख, संतोषगढ़ मार्ग से पेखेबूला गांव तक 1.19 करोड़ से 6 किलोमीटर सड़क, 48.60 लाख से भड़ोलियां कलां, बडैहर, चढ़तगढ़ तक 4.200 किलोमीटर सडक, मैहतपुर, संतोषगढ़ सड़क से नंगड़ा तक दो किलोमीटर सड़क को संवारने के लिए 23 लाख रुपए खर्च होंगे। जबकि संतोषगढ़ रोड से रामपुर गांव की एक किलोमीटर, छतरपुर के संपर्क मार्ग पर आठ लाख, देहलां बडैहर सड़क  पर 6.78 लाख और लमलेहड़ा से जनकौर के सैणी मोहल्ला तक सड़क की मरम्मत के लिए सात लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इनमें से कई तो ऐसे कार्य भी हैं जिनकी मांग पूर्व सरकार के समय भी की गई। लेकिन सूबे में कांग्रेस की सरकार होने के चलते ऊना हलके के साथ भेदभाव किया गया और सभी कामों को रोका गया था। भाजपा का उद्देश्य केवल विकास करना है, जबकि कांग्रेस का काम विकास को रोकना है।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App