ऊना में पारा 43 पार

By: May 23rd, 2018 12:08 am

अहमदाबाद; हिसार के बाद देश का तीसरा सबसे गर्म शहर, गर्मी ने छुड़ाए पसीने

शिमला — हिमाचल प्रदेश में गर्मी रौद्र रूप दिखाने लगी है। खास तौर पर प्रदेश के मैदानी इलाकों में आसमान से आग बरसने लगी है। प्रचंड गर्मी के चलते ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर व हमीरपुर में दिन के समय लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए हैं। ऊना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। अहमदाबाद और हिसार के बाद ऊना देश का तीसरा सबसे गर्म स्थान रहा। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में 28 मई तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान तापमान में और उछाल आने के पूरे आसार हैं। मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा। दिन के समय चटक धूप खिलने से अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री का उछाल आया है। तापमान में लगातार उछाल आने से मैदानी क्षेत्रों में प्रचंड गर्मी खूब पसीने छुड़ा रही है। गर्मी के चलते दिन के समय लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। प्रदेश के मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ों पर भी दिन तपने लगे हैं। राजधानी शिमला की बात करें तो शिमला में मंगलवार को अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस समर सीजन का सबसे अधिक पारा रिकार्ड किया गया है। अधिकतम तापमान के साथ-साथ न्यूनतम तापमान में भी बीते रोज के मुकाबले एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। सुंदरनगर, भुंतर के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक तीन डिग्री का उछाल आया। इसके अलावा ऊना में दो डिग्री, डलहौजी, कांगड़ा, सोलन, नाहन में एक डिग्री तक तापमान में उछाल आया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह का कहना है कि प्रदेश में 28 मई तक मौसम साफ बना रहेगा, जिससे इस हफ्ते तापमान में और उछाल आएगा।

तापमान में तीन डिग्री तक का उछाल

शिमला में मंगलवार को अधिकतम तापमान 28.8, सुंदरनगर में 39.3, भुंतर में 37.0, कल्पा में 22.0, धर्मशाला में 31.6, ऊना में 43.2, नाहन में 37.9, केलांग में 18.9, सोलन 34.0, कांगड़ा में 38.3, बिलासपुर में 39.8, हमीरपुर में 37.9, चंबा में 36.2 और डलहौजी में 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में सोमवार के मुकाबले एक से तीन डिग्री का उछाल आया है।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App