कर्नाटक में फंसा पेंच

By: May 16th, 2018 12:10 am

सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी भाजपा बहुमत के पास आकर फंसी, दावा पेश

बंगलूर— कर्नाटक विधानसभा चुनावों में 104 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी भाजपा बहुमत के पास आकर फंस गई है। चुनावों में 78 सीटें जीतने वाली कांग्रेस और 38 सीटें जीतने वाली जेडीएस मिलकर सरकार बनाने की कोशिश में हैं। चुनावों में सबसे बउ़ी पार्टी बनकर उभरी भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा ने मंगलवार शाम राज्यपाल से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। उधर, येदियुरप्पा के बाद जेडीएस और कांग्रेस ने भी राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया है। ऐसे में अब गेंद राज्यपाल के पाले में हैं और देखना महत्त्वपूर्ण होगा कि वह सरकार बनाने का न्योता किसे देते हैं। हालांकि मीडिया सूत्रों के मुताबिक राज्यपाल भाजपा को पहले मौका दे सकते हैं। येदियुरप्पा ने कहा कि हम सबसे बड़ी पार्टी हैं और ऐसे में सरकार बनाने का मौका मिलना चाहिए। भाजपा सौ प्रतिशत सरकार बनाएगी और विधानसभा में बहुमत भी साबित करेगी। उधर, राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद मीडिया से मुखातिब सिद्धारमैया ने कहा कि कांग्रेस ने बिना शर्त जेडीएस को समर्थन दिया है। सिद्धारमैया ने कहा कि गठबंधन की शर्तों पर बाद में फैसला होगा। पहली प्राथमिकता सरकार का गठन है। कांग्रेसी नेता ने दावा किया कि उनके पास मैजिक नंबर है। उन्होंने कहा कि दो निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन के साथ है। जेडीएस और कांग्रेस ने एचडी देवगौड़ा के बेटे एचडी कुमारस्वामी को अपना सीएम पद का दावेदार घोषित किया है। भाजपा का आंकड़ा 104 सीटों का है और बहुमत के लिए उसे आठ और विधायकों की जरूरत होगी। वहीं कांग्रेस ने कर्नाटक में दूसरा ही दांव खेला है। कांग्रेस और जेडीएस साथ मिलकर 116 विधायकों पर पहुंच रहे हैं और बहुमत के मैजिक नंबर को पार कर रहे हैं। इससे पहले कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद मुख्यमंत्री सिद्दारामैया ने मंगलवार को अपना इस्तीफा राज्यपाल वाजूभाई वाला को सौंप दिया। श्री सिद्दारामैया ने इस बार बादामी और चामुंडेश्वरी सीट से चुनाव लड़ा था। श्री सिद्दारामैया बादामी सीट से 1696 के मामूली अंतर से जीते हैं, जबकि चामुंडेश्वरी में 36042 मतों के भारी अंतर से वह चुनाव हारे हैं।

कर्नाटक चुनाव

कुल सीटें  224

वोटिंग     222

बहुमत     112

कर्नाटक की दो सीटों पर चुनाव बाद में होगा

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App