कल चार साल का जश्न मनाएगी भाजपा

By: May 25th, 2018 12:04 am

केंद्र की उपलब्धियां बताने के लिए 11 जून तक चलेगा जनसंपर्क अभियान

शिमला— केंद्र में एनडीए सरकार के चार साल पूरा होने पर देश भर में भाजपा जश्न मनाएगी। हिमाचल में भी यह जश्न बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। पत्रकार वार्ता में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने बताया कि 26 मई को केंद्र सरकार के चार साल पूरा होने पर कई अभियान चलाए जाएंगे। विपक्ष के लोग नहीं चाहते कि भाजपा दोबारा सत्ता में आए। यही कारण है कि कांगे्रस उनकी पार्टी के खिलाफ दुष्प्रचार कर रही है। बावजूद इसके भाजपा की चारों लोकसभा सीटें मोदी की झोली में डालने के लिए पार्टी पूरी लग्न से काम कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल को बेहतर करार दिया। केंद्र सरकार ने इन चार वर्षों में 100 नई योजनाएं शुरू की हैं, जिनका लाभ जनता उठा रही है। आतंकवाद, नक्सलवाद खत्म हुआ है। गरीब व जरूरतमंद जनता तक कई योजनाएं पहुंचाई हैं। विदेश नीति को सुधारा गया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर भारत की अलग पहचान बनी है। श्री सत्ती ने कहा कि 11 जून तक चलने वाले जनसंपर्क अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री भी हिमाचल आएंगे। उन्होंने कहा कि  यूपीए का दस साल का कार्यकाल भ्रष्टाचार स्कैंडल के रूप में माना गया है।

कसौली कांड को कांग्रेस जिम्मेदार

श्री सत्ती ने कहा कि कसौली गोलीकांड और कोटखाई प्रकरण के लिए कांग्रेस भी जिम्मेदार है। क्योंकि अपने कार्ययकाल के दौरान कांग्रेस ने अवैध निर्माण रोकने व कानून व्यवस्था सुधारने की ओर कोई कदम नहीं उठाए।

पानी को कांग्रेस-माकपा दोषी

शिमला में पानी की किल्लत का ठीकरा श्री सत्ती ने माकपा व कांग्रेस पर फोड़ा, क्योंकि नगर निगम में 31 वर्षों तक इन दो दलों का ही राज रहा। उन्होंने कहा कि शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए 900 करोड़ का एस्टीमेट भी तैयार किया गया है।

अगले महीने अमित शाह का दौरा

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सती ने कहा कि जून में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का भी शिमला आने का प्लान है। इस बारे में प्रदेश भाजपा कार्यकताओं को सूचना दे दी गई है।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App