केंद्र के खिलाफ हल्ला बोल

By: May 27th, 2018 12:04 am

ऊना— बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने शनिवार को प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन किया। ऊना में आयोजित प्रदर्शन के दौरान पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि मोदी सरकार ने देश की जनता के साथ विश्वासघात किया है। सरकार का चार साल का कार्यकाल मात्र जुमलेबाजी तक सीमित रहा है। लोगों को रोजगार व महंगाई से राहत देने के भाजपा सरकार के वादे झूठे साबित हुए हैं। यूपीए सरकार के कार्यकाल में पेट्रोल व डीजल की अंतरराष्ट्रीय कीमतें 140 रुपए प्रति बैरल तक रहीं, लेकिन पेट्रोल व डीजल के रेट में ऐसी आग नही लगी, जबकि मोदी सरकार में अंतरराष्ट्रीय कीमतों में भारी गिरावट के बावजूद पेट्रोल-डीजल 85 व 75 रुपए को पार कर गया है। इस दौरान उन्होंने बिगड़ती कानून व्यवस्था पर प्रदेश की जयराम सराकर को भी आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले चार माह में 35 हत्याएं व 65 रेप व छेड़छाड़ के मामले कानून व्यवस्था की नाकामी दर्शा रहे हैं। इस अवसर पर विधायक सतपाल रायजादा, पूर्व विधायक कुलदीप कुमार, राकेश कालिया, वीरेंद्र धर्माणी, विवेक शर्मा, अविनाश कपिला व अन्य नेता भी उपस्थित रहे।

विश्वासघात किया

शिमला— मोदी सरकार के चार साल पूरे होने पर शनिवार को जहां भाजपा जश्न में डूबी रही, वहीं कांगे्रस उसकी पोल खोलने में डटी रही। कांग्रेस ने विश्वासघात, महंगाई दिवस के रूप में इस दिन को मनाया। इस दौरान कांग्रेस ने प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भी भेजे, जिसमें राष्ट्रपति से मोदी सरकार की शिकायत करते हुए इस सरकार को तत्काल हटाने की मांग की।

अग्निहोत्री बोले, हिमाचल प्रदेश में दुर्घटनावश बनी जयराम सरकार

ऊना में प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सीएलपी नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य में जयराम ठाकुर की सरकार दुर्घटनावश अस्तित्व में आई है। मुख्यमंत्री पुलिस के डंडे के डर से विरोधियों को धमकाने का कार्य कर रहे हैं। सरकार का अपने अफसरों पर ही विश्वास नहीं है। सीएम ने पहले अपने प्रधान सचिव को हटा दिया, अब कभी भी प्रदेश के डीजीपी को बदला जा सकता है। सरकार की नाकामियों छिपाने के लिए अधिकारियों पर गाज गिराई जा रही है। पुलिस बल दहशत व दबाव में काम कर रहा है। कांग्रेस की लड़ाई अधिकारियों से नहीं, भाजपा सरकार से है।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App