कोंडेश्वर में धार्मिक स्थल

By: May 26th, 2018 12:08 am

ठाणे जिले में कर्जत के पास स्थित कोंडेश्वर एक लोकप्रिय धार्मिक स्थल है। बदलापुर रेलवे स्टेशन से लगभग 6 से 7 किलोमीटर के अंतर पर स्थित दो पहाडि़यों के बीच में भगवान भोलेनाथ का प्राचीन कोंडेश्वर मंदिर, कोंडाना गुफाएं और पेठ किला भी है। जो इस क्षेत्र में पर्यटकों के लिए एक अद्भुत अनुभूति का एहसास कराते हैं। कोंडेश्वर मंदिर- कोंडेश्वर मंदिर कर्जत का एक प्राचीन मंदिर है, जो भगवान शिव को समर्पित है। यहां साल भर हजारों श्रद्धालू मंदिर में पूजा-अर्चना करने आते हैं। यह मंदिर शिल्प एवं वास्तुकला का अद्भुत नमूना है। इस मंदिर में कुछ पवित्र अवसरों पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है, जो भक्ति के साथ-साथ पर्यटन का मजा भी लूटते हैं। कोंडाना गुफाएं- कोंडाना गुफाएं कर्जत में स्थित हैं। ये उस प्राचीन जीवनशैली की झलक दिखाती हैं जिसका अनुपालन बौद्ध लोग करते थे। चट्टानों को काटकर बनाई गई इन प्राचीन गुफाओं में अनेक मूर्तियां, स्तूप, विहार और चैत्य शामिल हैं। ये गुफाएं दूसरी शताब्दी में बनाई गई थीं। मूर्तियां और स्तूप बौद्ध वास्तुकला के प्रतिनिधि हैं, जिन्हें उस समय अपनाया गया था। गुफाओं के अंदर की गई नक्काशी में स्त्री और पुरुष को विभिन्न नृत्य मुद्राओं में दिखाया गया है। दुर्भाग्यवश भूकंप से इन गुफाओं के प्रवेश द्वार, जमीन और कई स्तूप नष्ट हो गए थे। वर्ष भर यहां बौद्ध धर्म को मानने वालों की भीड़ उमड़ती है। पेठ किला- पेठ किला कर्जत के पास छोटे से गांव पेठ में स्थित है तथा पर्यटन का एक प्रमुख स्थान है। पेठ पहाड़ी संपूर्ण क्षेत्र का एक मनोरम दृश्य प्रस्तुत करती है, क्योंकि यह माथेरान की पृष्ठभूमि में स्थित है। किले के पास ही भगवान की एक पवित्र मूर्ति है, जो एक गुफा के अंदर है। पेठ किला वर्तमान में खंडहर है। हालांकि पास के पानी के कुंड अभी भी सही सलामत हैं। इस किले का निर्माण महान मराठा शासकों ने शत्रुओं से अपने राज्य की रक्षा करने के लिए किया था।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App