खेल महाकुंभ से निकलेंगी प्रतिभाएं

By: May 28th, 2018 12:07 am

विकास ठाकुर

लेखक, हमीरपुर से अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर हैं

यह खेल महाकुंभ खेल में रुचि रखने वाले अभावग्रस्त खिलाडि़यों की तकदीर बदलने वाला साबित होगा। हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र देश का इकलौता ऐसा संसदीय क्षेत्र है, जहां खेल और खिलाडि़यों को बढ़ावा देने की पहल की गई है…

भारत में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। आलम यह है कि ग्रामीण प्रतिभाएं अवसर नहीं मिलने के कारण दम तोड़ देती हैं। कई उम्दा खिलाड़ी इसलिए शिखर तक नहीं पहुंच पाते, क्योंकि उन्हें वह प्प्लेटफार्म नहीं मिला, जहां वह अपने हुनर का प्रदर्शन कर सकें। सांसद अनुराग ठाकुर ने अभिनव पहल की है। उन्होंने देहात में दबी खेल प्रतिभाओं को उभारने का बीड़ा उठाया है, निश्चिततौर पर उनका यह प्रयास सार्थक बदलाव लाएगा। परिणाम स्वरूप हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र की खेल प्रतिभाएं विश्व पटल पर कीर्ति बिखेरेंगी। खेल का जीवन में अहम योगदान है। खेल हमें अनुशासन सिखाता है। खेल से स्वस्थ्य शरीर का निर्माण होता है। सांसद अनुराग ठाकुर ने महसूस किया है कि खेल नौजवानों का जीवन बदलने का सबसे प्रभावी माध्यम हो सकता है। वैसे भी आदिकाल से भारत अनेक तरह के खेलों के लिए पहचाना जाता है। पहले खेल के पीछे उद्देश्य स्वास्थ्य से था, लेकिन आज उसका महत्त्व केवल स्वास्थ्य तक ही सीमित नहीं है, बल्कि खेल शौक के साथ-साथ अपना और राष्ट्र का नाम ऊंचा करने और रोजगार का साधन भी बन गया है।

हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र देश का इकलौता ऐसा संसदीय क्षेत्र है, जहां खेल और खिलाडि़यों को बढ़ावा देने की पहल की गई है। खेल खेलना अब आसान काम नहीं है। खेल पद्धति में भी काफी बदलाव आया है। खिलाडि़यों के लिए अच्छी खेल सामग्री के साथ-साथ उन्हें अच्छा गुरु भी चाहिए। खेल की बारीकी, उसकी तकनीक को समझे बिना अच्छा प्रदर्शन नहीं किया जा सकता है। अपितु सांसद अनुराग ठाकुर का खिलाडि़यों को उबारने का संकल्प हिमाचल प्रदेश में बड़ा बदलाव लाएगा। उनकी यह पहल देश के सभी लोकसभा क्षेत्रों के लिए मॉडल बनेगी।

यह पहल आगे चलकर इस राज्य के लिए मील का पत्थर साबित होगी। यह खेल महाकुंभ खेल में रुचि रखने वाले अभावग्रस्त खिलाडि़यों की तकदीर बदलने वाला साबित होगा, वहीं अच्छे खिलाडि़यों की नई खेप तैयार होने से खेल क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाला भी साबित होगा। इस खेल महाकुंभ के लिए मैं ज्यादा उत्साहित इसलिए हूं, क्योंकि माननीय अनुराग ठाकुर द्वारा करवाई गई खेल स्पर्धा से ही निखर कर मैं इस मुकाम तक पहुंच सका हूं। पिछले साल हिमाचल प्रदेश में स्थानीय खिलाडि़यों को बढ़ावा देने के लिए राज्यस्तरीय ओलंपिक गेम्स करवाए गए थे, जिसमें मैंने भी हिस्सा लिया था, उसी स्पर्धा ने मुझे आगे बढ़ने का मौका दिया और आज राष्ट्र के प्रति मैं गौरव महसूस करता हूं। खेल महाकुंभ में सबको सहभागिता निभानी चाहिए। खासकर उन युवाओं को बढ़-चढ़ कर आगे आना चाहिए, जो खेल के क्षेत्र में खुद को आगे बढ़ाना चाहते हैं। यह उनके लिए सुनहरा अवसर है।

सबसे अच्छी बात यह है कि केवल हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के ही नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश के सुदूर गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए इस खेल महाकुंभ की शुरुआत की गई है। इसमें दूसरी महत्त्वपूर्ण बात यह है कि यह कार्य पूरे मनोयोग से किया जा रहा है, तभी इसके लिए पांच साल कीकार्ययोजना बनाई गई है। सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा खिलाडि़यों को आगे बढ़ाने के लिए एक करोड़ रुपए खर्च करने का प्रावधान किया गया है। इस धनराशि से अच्छे खिलाडि़यों को सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इस महाकुंभ के लिए व्यापक दृष्टिकोण के साथ व्यापक क्षेत्र को लिया गया है। हिमाचल की आठ सौ ग्राम पंचायतों के पांच हजार गांवों के नौजवानों को प्लेटफार्म मुहैया करवाया जा रहा है। जिसमें छह किस्म की प्रतियोगिताओं-क्रिकेट,कबड्डी, वालीबाल, फुटबाल, एथलेटिक्स, बास्केटवाल खेलने वाले खिलाडि़यों का चयन किया जाएगा। इन खेलों में जिन खिलाडि़यों का प्रदर्शन सबसे अच्छा होगा, उन्हें आगे जाने का अवसर दिलवाया जाएगा। राज्य के एक लाख नौजवानों की खेल महाकुंभ में सहभागिता करवाने का संकल्प हिमाचल प्रदेश के युवाओं को विश्व पटल तक पहुंचाना अनुराग जी की दृढ़ इच्छाशक्ति को उजागर करता है। अनुराग ठाकुर का खेल से पुराना स्नेह रहा है क्योंकि वह ऐसे युवा जनप्रतिनिधि हैं, जो संसद में भी जन समस्या के साथ-साथ खेल संबंधी मुद्दे उठाते रहे हैं। मुझे याद आता है कि जब वह बीसीसीआई प्रमुख थे तब क्रिकेट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए सिरे से आगे बढ़ाने का काम किया था। अब खेल महाकुंभ के रूप में नई मशाल जलाई गई है, जिसका उजाला हिमाचल प्रदेश के खिलाडि़यों का जीवन प्रकाशमय करेगा। यह छोटी शुरुआत इस पहाड़ी राज्य में बड़ा  बदलाव लाने का काम करेगी और देश के अन्य हिस्सों में भी खेल के प्रति परिवर्तन लाने का अलख जगाएगी।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App