गुरुमंत्र : अपने अनुभव को अपना रोल मॉडल बनाएं

By: May 23rd, 2018 12:05 am

जो व्यक्ति कड़ी मेहनत और हिम्मत से ऊंचाइयों तक पहुंचा होता है, उसे ही लोग अपना रोल मॉडल बनाते हैं, लेकिन ये मंजिलें उसी की हैं। किसी एक को अपना रोल मॉडल बनाकर न चलें, बल्कि जीवन में जो बीत रहा है उस अनुभव को अपना रोल मॉडल बनाएं और लक्ष्य प्राप्त करें…

सच कहा जाए, तो प्ररेणा हमारे अंदर उत्साह व स्फूर्ति की एक सरल अभिव्यक्ति है। यह वह अदृश्य ऊर्जा क्षेत्र है, जहां से चीजें प्रस्फुटित  होती हैं। पतंजलि कहते हैं, जब हम  प्रेरित होते हैं, तब हमारी अद्भुत शक्तियां, क्षमताएं  एवं प्रतिभाएं जाग्रत हो जाती हैं और फिर हम अपने आप को एक महान व्यक्ति के रूप में पाते हैं, जैसा कि हमने सपने में भी स्वयं को नहीं देखा होगा। वास्तव में, जब हम किसी कार्य को करने के लिए असीम ऊर्जा स्रोत से जुड़ जाते हैं, हमारा विश्वास और हमारी प्रत्येक गतिविधि को हमारे लक्ष्य की ओर उन्मुख कर देते हैं। दूसरी ओर, यदि हम अपने कार्य के प्रति प्रेरित नहीं हैं, तो वह हमारे लिए उबाऊ और बोझिल सा हो जाता है। हमारी ऊर्जा का स्तर गिरने लगता है और हम असफलता की ओर उन्मुख होते चले जाते हैं। वास्तव में प्ररेणा एक ऊर्जा स्रोत है, तब भी हम अपने लक्ष्य या उपलब्धि के बारे में अनिश्चय की स्थिति में हों। यहां तक कि यह हमें अनजान व अज्ञात  क्षेत्र की ओर भी ले जाकर सफल होने के लिए बाध्य करती है। वास्तव में उत्साह और स्फूर्ति में रहने का तात्पर्य सिर्फ  लक्ष्य को हासिल कर लेना नहीं है, अपितु लक्ष्य प्राप्ति के लिए अपनाए जाने वाले मार्ग एवं दिशाओं से भी है। यदि हम पूरी यात्रा के दौरान उत्साहित व प्रेरित रहते हैं, तो हम उस यात्रा के प्रत्येक क्षण का आनंद ले पाते हैं। जब हम प्रेरित होते है, तो हमारे विचार अपने सारे बंधन तोड़ देते हैं, हमारा मस्तिष्क सीमाओं को पार कर जाता है, हमारी संवेदनाएं सभी दिशाओं  में फैल जाती हैं, हम अपने आप को पूरी तरह से एक नवीन, महान और चमत्कृत संसार में पाते हैं। सोई हुई शक्तियां और प्रतिभाएं जाग्रत हो जाती हैं और हम अपने होने की परिकल्पना भी नहीं कर सकते थे। तदनुरूप हम इन प्ररेणा शक्तियों को अपने अंदर महसूस करते हैं और निरंतर उच्चता और अलौकिकता की ओर बढ़ते चले जाते हैं। हमारा रोल मॉडल हमेशा ही हमको प्रेरित करता रहता है। यह जरूरी नहीं कि आपका रोल मॉडल कोई बड़ी हस्ती ही हो। चूंकि रोल मॉडल वह होता  है, जिसे देखकर आपको जीवन में आगे बढ़ने की प्ररेणा मिले और आप जब भी कमजोर महसूस करें, मात्र उसको दखते ही आप काफी मजबूती का एहसास कर सकें। देखा जाए तो रोल मॉडल एक नौकरानी भी हो सकती है, जो औरतों के लिए एक मिसाल होती है कि वह बिना पढ़े-लिखे भी काम कर रही है और कड़ी मेहनत करके अपने पैरों पर खड़ी है। कई बार जब हम रोेड पर जा रहे होेते हैं, तो देखते हैं कि जिनके पैर नहीं है वे भी स्कूटर चला रहे होते है।

तब हम सोचते हैं कि हमारे पास सब

कुछ होते हुए भी हम उसको चलाने में डरते रहते हैं, जबकि जिसके पास कुछ खोने का डर नहीं है, वे हमसे अधिक अच्छा है। तभी हम उससे प्रेरित होकर अपने डर को दूर करते हुए स्कूटी क्या गाड़ी और टैम्पो तक  चलाने की हिम्मत जुटा लेते हैं। अधिकांशतया देखा गया है कि जो व्यक्ति कड़ी मेहनत और हिम्मत से ऊंचाइयों तक पहुंचा होता है, उसे ही लोग अपना रोल मॉडल बनाते हैं, लेकिन ये मंजिलें उसी की हैं। किसी एक को अपना रोल मॉडल बनाकर न चलें, बल्कि जीवन में जो बीत रहा है उस अनुभव को अपना रोल मॉडल बनाएं और लक्ष्य प्राप्त करें।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App