तब रामनाथ कोविंद के लिए नहीं खुले थे रिट्रीट के दरवाजे

By: May 21st, 2018 12:25 am

शिमला— एक वह मौका भी था, जब रामनाथ कोविंद राष्ट्रपति आवास रिट्रीट में घूमना चाहते थे। देखना चाहते थे कि राष्ट्रपति आवास की क्या विशिष्टता है। आखिर गर्मियों के दिनों में राष्ट्रपति यहां क्यों आते हैं और यहां क्या कुछ खास है, मगर वह समय ऐसा था जब कोविंद के लिए रिट्रीट के द्वार नहीं खुले थे। सुरक्षा कारणों से यहां किसी को भी नहीं जाने दिया जाता। हालांकि रामनाथ कोविंद तब एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार थे और 27 से 29 मई तक शिमला में रुके थे। तब उनके रुकने का इंतजाम यहां राज्यपाल आवास पर ही किया गया था। इस बीच श्री कोविंद ने रिट्रीट देखने की इच्छा जताई और यहां तक पहुंचे भी, मगर तब उनको रिट्रीट के द्वार से ही लौटना पड़ा था, लेकिन अब वक्त बदल गया है। अब रामनाथ कोविंद के लिए रिट्रीट खुद पलकें बिछाए हुए था। यहां उनके स्वागत की पूरी तैयारी की जा चुकी थी और इंतजार केवल उनके आने का हो रहा था। राष्ट्रपति कोविंद कल्याणी हेलिपैड पर 12ः10 बजे उतरे तो प्रदेश सरकार ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद सीधे वह रिट्रीट गए। उनके रिट्रीट पहुंचने पर यहां राष्ट्रपति आवास के स्टाफ ने उनका स्वागत किया। उनकी धर्मपत्नी भी उनके साथ थीं। श्री कोविंद के लिए यहां राष्ट्रपति आवास की बगिया भी महक रही थी, जहां तरह-तरह के फूल उनके इंतजार में थे। राष्ट्रपति ने यहां पहुंचने पर दोपहर का भोजन किया और इससे पहले वह राष्ट्रपति आवास को निहारने के लिए निकले। उन्होंने पूरे आवास का जायजा लिया। वह यहां की खूबसूरती के कायल हो गए। रिट्रीट बहुत सुंदर जगह है, जिसे सालभर बंद रखा जाता है। केवल महामहिम के आने पर ही इसे खोला जाता है। यहां राष्ट्रपति कार्यालय के कर्मचारियों के साथ सुरक्षा कर्मी भी तैनात रहते हैं, जिसके चलते कोई भी यहां नहीं जा पाता। हालांकि इस क्षेत्र की सुंदरता को निहारने के लिए बड़ी संख्या में लोग आते हैं, लेकिन उन्हें मायूस होकर ही लौटना पड़ता है।

वीवीआईपी की छराबड़ा में बसने की हसरत

छराबड़ा क्षेत्र में वीवीआईपी अपने आशियाने बसाने के लिए उत्सुक हैं, परंतु कोई यहां निर्माण नहीं कर सकता, क्योंकि इस पर रोक है। केवल सोनिया गांधी की पुत्री प्रियंका गांधी को यहां सरकार ने मंजूरी दे रखी है, जिनका आशियाना बन रहा है। सोनिया गांधी भी यहां पर कई दफा आ चुकी हैं।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App