पहाड़ों पर आज से गर्जन के साथ बरसेंगे बादल

By: May 28th, 2018 12:07 am

शिमला  – प्रचंड गर्मी की मार झेल रहे हिमाचलवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में सोमवार से गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई है। यह क्रम पहली जून तक जारी रहेगा, जबकि प्रदेश के मैदानी इलाकों में 30 मई से मौसम के करवट लेने की उम्मीदें जताई जा रही हैं। मैदानी इलाकों में भी मौसम पहली जून तक खराब रहेगा। इस दौरान एक-दो स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। समूचे राज्य में दो जून से मौसम शुष्क रहेगा। प्रदेश में रविवार को अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा, मगर दोपहर बाद काले बादलों के घिरने और ठंडी हवाओं के प्रवाह से अधिकतम तापमान में शनिवार के मुकाबले एक से पांच डिग्री तक की गिरावट आंकी गई है। जिससे लोगों ने प्रचंड गर्मी से कुछ हद तक की राहत महसूस की है। ्रठंडी हवाओं के प्रवाह से पहाड़ों पर मौसम फिर से सुहावना होने लगा है, मगर मैदानी इलाकों में अभी भी प्रचंड गर्मी का प्रकोप जारी है। प्रदेश के ऊना का पारा अब भी 43 डिग्री से पार चल रहा है। बिलासपुर व हमीरपुर में भी प्रचंड गर्मी पड़ रही है। बिलासपुर व हमीरपुर का पारा भी 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया है। रविवार को हमीरपुर, चंबा और धर्मशाला को छोड़ कर शेष हिमाचल के अधिकतम तापमान में गिरावट आंकी गई है। केलांग में बीते 24 घंटों के दौरान तीन मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जिससे अधिकतम तापमान में सबसे अधिक पांच डिग्री की गिरावट आई है। इसके अलावा कल्पा में तीन डिग्री, बिलासपुर, ऊना, शिमला में एक डिग्री तक पारा लुढ़का है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में सोमवार से मौसम करवट लेगा। इस दौरान एक-दो स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होगी। मैदानी इलाकों मे 30 मई से मौसम करवट लेगा। ऊना फिर रहा सबसे गर्म ः रविवार को 43.6 डिग्री सेल्सियस के साथ ऊना प्रदेश में सबसे गर्म रहा। इसके अलावा राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 27.5, सुंदरनगर में 38.0, भुंतर में 36.0, कल्पा में 20.6, धर्मशाला में 33.6, नाहन में 37.5, केलांग में 15.3, सोलन में 34.0, कांगड़ा 39.0, बिलासपुर में 40.7, हमीरपुर में 40.4, चंबा में 37.2 और डलहौजी में 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। तापमान में शनिवार के मुकाबले एक से पांच डिग्री की गिरावट आंकी गई।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App