पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आग

By: May 21st, 2018 12:06 am

नई दिल्ली— देश भर में पेट्रोल-डीजल के दाम रिकार्ड स्तर पर पहुंच गए हैं और पिछले चार हफ्तों में तो महंगाई ने आम आदमी की कमर ही तोड़ दी है। तेल कंपनियों की ओर से रविवार सुबह छह बजे जारी रेट लिस्ट के मुताबिक राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 33 पैसे महंगा होते हुए 76.24 रुपए का हो गया, जबकि डीजल भी अब तक के अपने इतिहास में सबसे महंगा होते हुए 67.57 रुपए के स्तर पर पहुंच गया है। इससे पहले दिल्ली में पेट्रोल की सबसे ज्यादा कीमत 76.06 रुपए 14 सितंबर, 2013 को हुई थी। वहीं शिमला में भी पेट्रोल 33 पैसे बढ़कर 76.64 प्रति लीटर पहुंच गया। इसके अलावा डीजल की कीमतें भी अब तक के अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई हैं। डीजल के दाम 25 पैसे बढ़कर 67.12 रुपए प्रति लीटर हिमाचल की राजधानी में हैं।  वहीं, देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल की कीमत सबसे अधिक 84.07 रुपए लीटर है, जबकि भोपाल में यह कीमत 81.83 रुपए प्रति लीटर है। पटना में पेट्रोल 81.73 रुपए में बिक रहा है। हैदराबाद में 80.76 और श्रीनगर में 80.35 रुपए में पेट्रोल मिल रहा है। कोलकाता में 78.91 और चेन्नई में 79.13 रुपए में पेट्रोल की बिक्री हो रही है। वहीं, डीजल की बात करें तो हैदराबाद में स्थानीय करों के चलते डीजल सबसे महंगा 73.45 रुपए प्रति लीटर में मिल रहा है। त्रिवेंद्रम में डीजल 73.34 रुपए में मिल रहा है। इसके अलावा रायपुर, गांधीनगर, भुवनेश्वर, पटना, जयपुर, भोपाल, रांची और श्रीनगर समेत कई अन्य शहरों में डीजल की कीमत 70 रुपए प्रति लीटर से अधिक चल रही है। बता दें कि स्थानीय सेल्ज टैक्स और वैट के अनुसार हर राज्य में पेट्रोल और डीजल की कीमत अलग-अलग होती है।

सरकार ने माना हो रही परेशानी

पेट्रोलियम मंत्री प्रधान ने कहा कि मैं स्वीकार करता हूं कि तेल कीमतों में बढ़ोतरी से देश की जनता और खास तौर से मिडिल क्लास को काफी परेशानी हो रही है। इसके पीछे वजह तेल कंपनियों के प्रोडक्शन में कमी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी है। भारत सरकार जल्द ही इसका हल खोज लेगी।

प्रमुख शहरों में दाम (रुपए/प्रति लीटर)

शहर       पेट्रोल      डीजल

शिमला    76.64    67.12

मंडी       77.13    67.94

दिल्ली     76.24     67.57

मुंबई      84.07     71.93

कोलकाता 78.91     70.11

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App