मंजीर में तेंदुए ने नोचा बछड़ा

By: May 21st, 2018 12:05 am

सुरंगानी —उपमंडल सलूणी की ग्राम पंचायत मंजीर में आधी रात को बाहर बंधे मवेशियों पर तेंदुए ने हमला बोलकर एक बछड़े को अपना निवाला बना लिया। तेंदुए की रिहायशी क्षेत्र के इर्द- गिर्द मौजूदगी ने ग्रामीणों में दहशत भर कर रख दी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द तेंदुए को रिहायशी क्षेत्र से खदेड़कर राहत पहुंचाने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों में देवी सिंह, जगदीश चंद राणा, कमल कुमार, प्रहलाद, चतर सिंह, रजनीश शर्मा व काकू आदि का कहना है कि आज-कल गर्मियों के दिनों में लोग पशुओं को गोशाला की बजाय रात को खुले में बांध रहे हैं। उन्होंने बताया कि  रविवार रात तेंदुए ने बीच गांव में घुसकर मवेशियों पर हमला बोल दिया। और  एक बछड़े को अपना शिकार बना लिया। बाद में हो- हल्ले की आवाज सुनकर लोगों के जागने पर तेंदुआ बछडे़ को उठाकर जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले काफी अरसे से तेंदुए ने मंजीर पंचायत के रिहायशी क्षेत्र के इर्द- गिर्द डेरा डाल रखा है। मगर अब पशुओं पर तेंदुए के बढ़ते हमलों ने लोगों में दहशत भरकर रख दी है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ कभी भी इनसानों पर हमला बोलकर किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकता है। हालात यह है कि लोगों का सुबह- शाम अकेले घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बीते रोज की घटना के बाद लोग काफी सहमकर रह गए हैं।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App