मथुरा का कुसुम सरोवर

By: May 19th, 2018 12:09 am

हमारे देश में ऐसे कई पर्यटन स्थल हैं, जिनसे कई कहानियां जुड़ी हुई हैं। कई कहानियां ऐतिहासिक, तो कई पौराणिक हैं। इन कहानियों को किसी जगह से जोड़कर देखा जाता है। इन कहानियों की वजह से ही कोई जगह मशहूर हो जाती है। उस जगह को देखने के लिए देश-विदेश से लोग आते हैं। ऐसी ही एक जगह है मथुरा का कुसुम सरोवर, जहां पर राधा-कृष्ण मिलने आया करते थे। 60 फुट गहरा सरोवर उत्तर प्रदेश के मथुरा शहर में स्थित है। यह गोवर्धन से लगभग 2 किलोमीटर दूर राधा घाट के पास है। ऐतिहासिक कुसुम सरोवर 450 फुट लंबा और 60 फुट गहरा है। प्राचीन सरोवर को मध्य प्रदेश के बुंदेला राजा वीर सिंह देव ने 17वीं शताब्दी में बनवाया था। इसके बाद राजा सूरजमल ने इसका जीर्णोद्धार करवाकर, इसे भव्य सरोवर का स्वरूप प्रदान किया। सरोवर के पश्चिम में राजा सूरजमल के बेटे राजा जवाहर सिंह ने अपने पिता और अपनी तीनों माताओं की याद में एक ऊंचे चबूतरे पर छतरियों का निर्माण करवाया।

राधा-कृष्ण के मिलन का स्थल

ऐसी मान्यता है कि भगवान कृष्ण राधा जी से छुप-छुपकर कुसुम सरोवर पर ही मिला करते थे। एक समय राधा रानी और सारी सखियां भगवान कृष्ण के लिए फूल चुनने कुसुम सरोवर गोवर्धन ही जाया करती थीं। इस सरोवर के चारों तरफ  सैकड़ों सीढि़यां हैं। इस सरोवर के चारों तरफ  ढेरों कदंब के पेड़ हैं और कहा जाता है कि कदंब का पेड़ भगवान कृष्ण को बेहद प्रिय था और यही वजह है कि सिर्फ  भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर से मथुरा-वृंदावन आने वाले पर्यटक कुसुम सरोवर जाना नहीं भूलते। इस सरोवर का पानी तैरने के लिहाज से बेहतर माना जाता है और यहां आने वाले पर्यटक बेहतरीन समय बिता सकते हैं। कुसुम सरोवर के आसपास कई आश्रम और मंदिर भी हैं। साथ ही यहां की शाम की आरती भी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है। इस जगह के दर्शन करने लोग दूर-दूर से आते हैं। मथुरा तो भगवान कृष्ण की जन्मभूमि है। इसलिए भी लोगों की यहां के मंदिरों में गहरी आस्था व श्रद्धा है।

कैसे पहुंचें

मथुरा रेलवे स्टेशन पहुंचकर टैक्सी, ऑटो रिक्शा या प्राइवेट कार के जरिये आसानी से कुसुम सरोवर पहुंचा जा सकता है। आप साल के किसी भी महीने यहां पर घूम सकते हैं।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App