मुंबई-चेन्नई के बराबर पहुंचा सोलन का पारा

By: May 25th, 2018 12:05 am

सोलन – मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ भी तपने शुरू हो गए हैं। मई माह में ही गर्मी ने लोगों को पसीने से तर कर दिया है। जानकारी के अनुसार गुरुवार को सोलन का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री दर्ज किया गया। जो कि चेन्नई व मुंबई के समान है। गुरुवार को चेन्नई का तापमान 35 व मुंबई का तापमान 34.2 डिग्री दर्ज किया गया। आलम यह है कि प्रतिदिन तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। बीते एक सप्ताह में करीब पांच से छह डिग्री तक तापमान बढ़ा है। लगातार बढ़ रही गर्मी के चलते कई जगह पाकृतिक जल स्रोत सूख चुके हैं। इसके चलते कई स्थानों पर सूखने की कागार पर है। मौसम विभाग की माने तो आगामी एक सप्ताह तक मौसम में कोई खास परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। ऐसे में यह साफ है कि प्रचंड गर्मी आगामी दिनों में भी लोगों पर आग बरसाएगी।  अग्निशमन विभाग के लिए आफत बढ़ती गर्मी जहां लोगों को रुलाने लगी है वहीं गर्मी अग्निशमन विभाग की भी खूब कदमताल करवा रही है। गर्मी के चलते जगह-जगह लग रही आग के कारण विभाग के कार्यालय में फोन की घंटियां लगातार बज रही हैं। मई माह में भी शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में अनेक  आग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

बढ़ सकती है पानी की किल्लत

पेयजल किल्लत की समस्या से सोलन बीते कई वर्षों से जूझ रहा है। सर्दी हो या गर्मी या हो बरसात। हर मौसम में शहरवासियों को पेयजल समस्या से जुझना पड़ता है। बढ़ रही गर्मी के कारण पेयजल की खपत भी काफी बढ़ गई हैं। चिंता का विषय यह है कि नप के पास पहले ही प्रयाप्त सप्लाई से कम पहुंच रहा है। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि आगामी दिनों में लोगों को पेयजल किल्लत की समस्या से दो चार होना पड़ सकता है।

ठंडे पेय पदार्थों के व्यापारियों की मौज

एकाएक बढ़ी गर्मी के चलते ठंडे पेय पदार्थ विक्रेताओं की मौज लगी है। प्रतिदिन विक्रेता चांदी कूट रहे हैं। यदि मौसम के यही मिजाज रहे तो आगामी दिनों में विक्रेताओं की सेल में और अधिक इजाफा होगा।

अभी और रूलाएगी गर्मी

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला से जारी रिपोर्ट के अनुसार आगामी 28 मई तक मौसम में किसी भी तरह के बदलाव की कोई संभावना नहीं है। विभाग की मानें तो आगामी दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में विभाग की ओर से मैदानी क्षेत्रों के लोगों के लिए लू से बचने के लिए एहतियात के तौर पर एडवाइजरी जा की है।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App