मेजबानी में भी बड़प्पन दिखा गए कोविंद

By: May 24th, 2018 12:06 am

रिट्रीट में ऐट होम के दौरान महामहिम ने मेहमानों से मिलाया हाथ, हालचाल भी पूछा

देश के प्रथम नागरिक के अंदाज पर फिदा

शिमला— वीआईपी कल्चर से जनता की परेशानी का दर्द साझा करने वाले राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शानदार मेजबानी से मेहमानों का दिल जीत लिया। शिमला के छराबड़ा स्थित राष्ट्रपति आवास में हाथ मिलाकर मेहमानों का परिचय भी लिया। महामहिम ने कई मेहमानों के पास कुछ पल खड़े होकर उनका कुशलक्षेम पूछा। रिट्रीट में संपन्न ऐट होम कार्यक्रम में राष्ट्रपति कोविंद का यह दिलकश अंदाज मेहमानों के को छू गया। करीब एक घंटे के इस समारोह में जयराम मंत्रिमंडल और हिमाचल के कई विधायकों ने शिरकत की। इसके अलावा प्रदेश के नौकरशाह और जर्नलिस्ट्स भी उपस्थित रहे। राष्ट्रपति भवन से कुल 238 मेहमानों को न्योता भेजा गया था। इनमें ज्यादातर संख्या मंत्री, विधायकों और प्रशासनिक अफसरों की रही। कांग्रेस के भी कई विधायक ऐट होम का हिस्सा बनें। ऐट होम में मेहमानों को दो श्रेणियों में रखा गया। राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, उच्च न्यायालय के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश संजय करोल, मुख्य सचिव विनीत चौधरी और डीजीपी एसआर मरड़ी  सहित कुछ गणमान्य मेहमानों ने राष्ट्रपति  के साथ चाय की चुस्कियां लेते हुए समय बिताया। दूसरे प्रांगण में मौजूद मेहमानों से मिलने राष्ट्रपति खुद चलकर आए। इस दौरान उन्होंने बारी-बारी से हाथ मिलाते हुए सबका परिचय लेने की कोशिश की। बताते चलें कि राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने बुधवार को  ‘दि रिट्रीट’ में शिमला शहर के संभ्रांत वर्ग के लिए ‘ऐट होम’ का आयोजन किया। राज्यपाल आचार्य देवव्रत तथा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। राष्ट्रपति को मुख्यमंत्री ने राज्य पर्यटन विभाग की ‘कॉफी टेबल बुक’ भेंट की।

ये माननीय रहे मौजूद

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, मंत्री महेंद्र सिंह, किशन कपूर, सुरेश भारद्वाज, अनिल शर्मा, सरवीण चौधरी, डा. रामलाल मार्कंडेय, विपिन परमार, वीरेंद्र कंवर, विक्रम सिंह, मंत्री गोविंद ठाकुर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल, उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजय करोल, सांसद रामस्वरूप शर्मा, विधायकगण, मुख्य सचिव विनीत चौधरी, पुलिस महानिदेशक एसआर मरड़ी, सिविल, पुलिस व सेना के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्यों सहित शहर के गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री बोले लेफ्टिनेंट प्रतिभा जम्वाल पर गर्व

शिमला— मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लेफ्टिनेंट कमांडर प्रतिभा जम्वाल को प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए बधाई दी है। कुल्लू जिला से संबंध रखने वाली लेफ्टिनेंट जम्वाल महिला नौसेना दल की सदस्य थीं, जो हाल ही में जलमार्ग से पूरे विश्व की परिक्रमा के बाद भारत लौटी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को अपनी बेटियों पर गर्व है, जो प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं तथा अपने अदम्य साहस का परिचय दे रही हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाएं राज्य की युवा लड़कियों के लिए आदर्श हैं तथा उन्हें चुनौतीपूर्ण करियर चुनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App