मैदानी इलाकों में आज चलेगी लू

By: May 25th, 2018 12:08 am

प्रचंड गर्मी ने घरों में कैद किए लोग, 28 तक राहत नहीं

शिमला — हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर शुक्रवार को गर्मी प्रचंड रूप दिखाएगी। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के मैदानी इलाकों में एक-दो स्थानों पर लू (उष्ण लहरें) चलने की चेतावनी जारी की है, जो प्रचंड गर्मी की मार झेल रहे लोगों की दिक्कतें और बढ़ा सकती है। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के मैदानी इलाकों में 30 मई तक मौसम शुष्क बना रहेगा। विभाग ने पहाड़ों पर भी 29 मई तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान लगाया है। विभाग ने 30 मई को पहाड़ों पर एक-दो स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई है, जो गर्मी की मार झेल रहे लोगों को राहत लेकर आएगी। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में गुरुवार को भी मौसम शुष्क बना रहा। चटक धूप खिलने से प्रदेश के मैदानी इलाकों में लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हो गए है। हालांकि समूचे प्रदेश में दिन के समय मौसम साफ बना रहा, मगर शाम के समय शीत लहरों के प्रवाह से अधिकतम तापमान में बुधवार के मुकाबले हल्की सी गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश के कल्पा व हमीरपुर को छोड़कर शेष हिमाचल के अधिकतम तापमान में बुधवार के मुकाबले हल्की गिरावट आई है, जबकि न्यूनतम तापमान में कोई उल्लेखनीय परिवर्तन दर्ज नहीं किया गया। प्रदेश के ऊना का पारा लगातार 42 डिग्री से पार चल रहा है। वहीं, बिलासपुर में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक रिकार्ड किया जा रहा है। हमीरपुर, कांगड़ा का पारा 40 डिग्री का आंकड़ा छूने जा रहा है। मैदानी इलाकों में तापमान में लगातार चल रही बढ़ोतरी लोगों पर भारी पड़ रही है। मैदानी इलाकों में दिन के समय सूरज की किरणें आग उगल रही हैं, जिससे बचने के लिए लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश के मैदानी इलाकों में 30 मई तक मौसम साफ बना रहेगा, जबकि पहाड़ों पर 30 को एक-दो स्थानों पर बारिश होगी।

ऊना का पारा 42 पार

राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 27.8, सुंदरनगर में 37.9, भुंतर में 36.09, कल्पा में 23.2, धर्मशाला में 32.4, ऊना में 42.6, नाहन में 35.8, सोलन में 34.0, कांगड़ा 38.0, हमीरपुर में 39.7 और डलहौजी में 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App