मोदी ने चार साल में बदली सियासत

By: May 27th, 2018 12:04 am

शाह बोले, भाजपा सरकार के कार्यकाल में 22 करोड़ निर्धनों का उत्थान

नई दिल्ली— भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने चार साल के दौरान देश की राजनीति को पलट दिया है तथा परिवारवाद, तुष्टिकरण एवं जातिवाद की राजनीति को समाप्त कर पोलिटिक्स ऑफ परफार्मेंस और पोलिटिक्स ऑफ डिवेलपमेंट को बढ़ाया है। श्री शाह ने श्री मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के चार साल पूरे होने के मौके पर कहा कि श्री मोदी ने 2014 के ऐतिहासिक जनादेश के बाद कहा था कि उनकी सरकार गरीबों, दलितों, पिछड़ों, किसानों की सरकार होगी तथा दूसरा वादा था कि हम दुनिया में देश के गौरव को ऊपर ले जाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार चार साल में ही इन दोनों वादों पर पूरी तरह से खरी उतरी है और देश के 22 करोड़ गरीबों के जीवनस्तर को ऊपर उठाने में कामयाब रही है। चार साल में भ्रष्टाचार विहीन और पारदर्शी, निर्णायक एवं कड़े फैसले करने वाली सरकार दी है जो लोगों के प्रति संवेदनशील, लोकाभिमुख तथा गांव, गरीब एवं किसान के हित सोचने वाली सरकार है। भाजपा ने सर्वाधिक परिश्रम करने वाला प्रधानमंत्री दिया है, जो रोजाना 15 से 18 घंटे तक काम करता है। श्री मोदी एक विजनरी एवं प्रामाणिक नेता और अक्षय ऊर्जा के स्रोत हैं। वह विश्व के सबसे लोकप्रिय जननेता हैं। इन चार सालों में देश की राजनीति में फर्क आया है। यह पूछे जाने पर कि विपक्ष की एकजुटता को 2019 में वह कितनी बड़ी चुनौती मानते हैं, श्री शाह ने कहा कि कोई चुनौती नहीं है, ये सभी दल पहले भी भाजपा के खिलाफ अलग अलग जगहों पर लड़ते रहे हैं। उनके एकजुट होने से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ेगो, क्योंकि एक क्षेत्रीय दल का दूसरे क्षेत्र में कोई प्रभाव नहीं है।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App