ये हैं भारत के सबसे बड़े दस अनसुलझे सवाल

By: May 12th, 2018 12:05 am

यह एक सवाल है कि क्या वास्तव में ताजमहल ही तेजोमहालय है? अगर यकीन मानें तो यह महान इमारत जयपुर के राजा के अधीन थी और जब शाहजहां ने इसे जबरन अपने अधीन किया तो इसमें कुछ बदलाव कर इसे एक मकबरे की शक्ल दे दी गई…

भारत एक ऐसा विशाल और प्राचीन देश है जो अपने आप में न जाने कितनी घटनाओं को समेटे हुए है और जब यह देश इनता प्राचीन है तो इसकी कुछ कहानियां ऐसी भी हैं जो आज तक पहेली बनी हुई हैं। कुछ घटनाएं ऐसी भी हैं जिनका विज्ञान के पास कोई जवाब नहीं है। हमने ऐसी ही कुछ रहस्यमयी घटनाओं और परिस्थितियों के बारे में कुछ जानकारी जुटाई है जिसका जवाब विज्ञान के पास आज तक नहीं है। आइए, जानते हैं  ऐसे ही कुछ रहस्यों के बारे में :

  1. द कोंग्का ला दर्रा, स्थान : लद्दाख

दुनिया के सबसे रहस्यमयी इलाकों में से एक है लद्दाख का द कोंग्का ला दर्रा जिसके बारे में कहा जाता है कि यहां अंतरिक्ष जीवों का गुप्त स्थल है और इसी कारण यहां पर यूएफओ का दिखाई देना आम बात है। स्थानीय नागरिक भी इन बातों की पुष्टि करते हैं। और तो और, साल 2006 के जून में गूगल के सैटेलाइट ने भी इस जगह की कुछ ऐसी तस्वीरें ली थीं जिनमें रहस्यमयी यूएफओ दिखाई देने का जिक्र है। लेकिन इस जगह जाना सबसे कठिन माना जाता है क्योंकि यह बहुत ही बर्फीला और दुर्गम क्षेत्र है और सबसे बड़ी बात यह कि यह जगह भारत-चीन की विवादित जगह भी है, जहां पर दोनों नजर तो रखते हैं लेकिन कोई पेट्रोलिंग नहीं करता।

  1. क्या ताजमहल, तेजोमहालय है?

यह आधुनिक इतिहासकारों के बीच का सबसे ज्यादा चर्चा का विषय है और सबसे बड़े ऐतिहासिक रहस्यों में से भी एक बन चुका है कि क्या वास्तव में ताजमहल ही तेजोमहालय है? अगर दिल्ली के प्रोफेसर और इतिहासकार पी.एन. ओक की लिखी पुस्तक पर यकीन मानें तो यह महान इमारत जयपुर के राजा के अधीन थी और जब शाहजहां ने इसे जबरन अपने अधीन किया तो इसमें कुछ बदलाव कर इसे एक मकबरे की शक्ल दे दी गई। आजाद भारत के इतिहासकारों ने बिना कुछ सोचे-समझे इसे ज्यों का त्यों इतिहास में शामिल कर लिया। इसके अलावा कुछ और इतिहासकारों ने कुछ और भी साक्ष्य पेश किए हैं कि तब के किसी भी लेख में ताजमहल के बनने का उल्लेख क्यों नहीं है और ताजमहल की कार्बन डेटिंग भी कुछ और ही कहानी बयां करती है। बहरहाल जब तक सरकार खुद आगे आकर इस रहस्य पर से पर्दा नहीं हटाती तब तक यह एक रहस्य ही रहेगा।

  1. प्रहलाद जॉनी

प्रहलाद जॉनी को दुनिया का सबसे ज्यादा रहस्यमयी इनसान और दुनिया का आठवां अजूबा माना जाता है। इन्हें कुछ लोग सुपरह्यूमन भी कहते हैं। कहा जाता है कि प्रहलाद जॉनी ने 70 सालों से कुछ भी नहीं खाया है और और उनके इसी दावे की सत्यता को परखने के लिए उन पर चौबीसों घंटे की 15 दिनों की निगरानी भी रखी गई थी। लेकिन अंत में हर कोई आश्चर्यचकित था कि इन्होंने इस दौरान अन्न का एक दाना भी नहीं खाया था और इनके किसी भी प्रकार की बीमारी और कमजोरी के कोई लक्षण भी नहीं थे। प्रहलाद जॉनी इस बात का श्रेय अपनी आराध्य मां भगवती जगदंबा को देते हैं जिनके आशीर्वाद के कारण ही इनको ऐसी अवस्था प्राप्त हुई।

  1. सम्राट अशोक के रहस्यमयी 9 लोगों की संस्था

सम्राट अशोक के रहस्यमयी 9 लोगों का दल भी भारत के सबसे बड़े रहस्यों में से एक है, जिनके बारे में कहा जाता है कि कलिंग की लड़ाई के बाद सम्राट अशोक ने तब के सबसे बुद्धिमान लोगों को लेकर एक संस्था का निर्माण किया था जिनके पास ज्ञान का अद्भुत खजाना था। ये 9 लोग अपनी-अपनी 9 विद्याओं में पारंगत थे और इस संस्था का वास्तविक उद्देश्य इस ज्ञान को गलत हाथों में जाने से रोकना था। तभी से यह लोग इन विद्याओं की रक्षा करते आ रहे हैं जिनकी संख्या हमेशा से ही 9 रही है। ऐसा कहा जाता है कि इन लोगों के पास टाइम ट्रेवल, एंटी ग्रेविटी, जैविक हथियार, किसी भी वस्तु को किसी अन्य वस्तु में बदलने की क्षमता जैसी बहुमूल्य पुस्तकें थीं जिनकी रक्षा आज तक इन्हीं लोगों के द्वारा होती आ रही है। सम्राट अशोक का नाम इतिहास में एक सफल राजा के रूप में होता है। यह भी कहा जाता है कि राजा बनने के लिए अशोक को अपने असंख्य भाइयों की हत्या करनी पड़ी थी।

-क्रमशः

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App