रक्कड़ के प्रवीण ने फिर फतह किया माउंट एवरेस्ट

By: May 29th, 2018 12:03 am

रक्कड़, गरली— जिला कांगड़ा की तहसील मुख्यालय रक्कड़ निवासी प्रवीण सिंह पुत्र उत्तम चंद ने दूसरी बार माउंट एवरेस्ट की चोटी पर तिरंगा फहराया है। इस उपलब्धि से उन्होंने माता-पिता, गांव, जिला तथा प्रदेश का नाम भी रोशन किया है। इस बार प्रवीण सिंह ने 8848 मीटर ऊंची चोटी पर 20 मई सुबह 6:30 बजे तिरंगा फहराया, जबकि इससे पूर्व उन्होंने यह उपलब्धि 20 मई, 2006 को हासिल की थी। बता दें कि प्रवीण का जन्म कांगड़ा जिला की तहसील रक्कड़ के गांव सर में 25 दिसंबर, 1975 को हुआ था और वह 1993 में बतौर कांस्टेबल सीमा सुरक्षा बल में भर्ती हुए थे। वह इस उपलब्धि के अलावा हिमालय की अन्य चोटियों चंद्रभागा, संसर कांगड़ी, माउंट कामेट, हनुमान टिब्बा, जोगिन ग्रुप, माउंट माना, माउंट अभिगामनी, माउंट सतोपंथ आदि पर भी तिरंगा फहरा चुके हैं। कुछ समय पहले सीमा सुरक्षा बल द्वारा एक विंटर कैंप का आयोजन मनाली में किया गया था, जिसमें 15 सदस्य पर्वतारोहण और सात सदस्य सपोर्ट के लिए चुने गए थे, जिनमें एक प्रवीण सिंह भी थे।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App