लोकतंत्र का गला घोंट रही मोदी सरकार

By: May 21st, 2018 12:05 am

कांग्रेस सहप्रभारी रंजीत रंजन बोलीं, कर्नाटक में दिखी भाजपा की तानाशाही

 कांगड़ा— कांग्रेस सहप्रभारी रंजीत रंजन ने रविवार को मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। कागड़ा में कांग्रेस सम्मेलन में उन्होंने कहा कि मोदी सरकार लोकतंत्र का गला घोटने का काम कर रही है। इसका ताजा उदाहरण कर्नाटक विधानसभा चुनावों में देखने को मिला है। लोकतंत्र की रक्षा करने की खातिर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। इस कारण मोदी सरकार की तानाशाही को झटका लगा और उन्हें मुंह की खानी पड़ी। उन्होंने कहा कि  पार्टी को मजबूत कर लोकसभा चुनावों में हिमाचल की चारों सीटों पर जीत दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में विधानसभा चुनाव थे, तब कोटखाई प्रकरण को तूल देकर भाजपा सत्ता में आई थी, लेकिन अब भाजपा के चार महीने के कार्यकाल में प्रदेश में सौ से ज्यादा रेप के मामले सामने आए हैं। रंजीत रंजन ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है और भाजपा कानून व्यवस्था को सुधारने में पूरी तरह से विफल दिख रही है। पीएम मोदी ने चुनाव के दौरान देश के युवाओं को रोजगार देने की बात कही थी, लेकिन रोजगार की जगह पकौड़े तलने की सलाह मोदी सरकार ने युवाओं को दी। मोदी सरकार युवाओं को रोजगार देने, स्वास्थ्य सेवाएं देने, किसानों का कर्ज माफ  करन, सैनिकों की रक्षा, महिलाओं की सुरक्षा सहित सभी क्षेत्रों में विफल रही है। प्रदेश कांगेस अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू, सीएलपी लीडर मुकेश अग्निहोत्री, विधायक पवन काजल, आशीष बुटेल, पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा, चंद्र कुमार चौधरी, ठाकुर सिंह भरमौरी, पूर्व विधायक जगजीवन पाल, यादविंदर गोमा, किशोरी लाल, सुरेंद्र काकू, संजय रतन, कुलदीप पठानिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन वर्मा, अजय वर्मा, राजेश राजा, अशोक हिमचली व अन्य पदाधिकारी भी इस मौके पर मौजूद रहे।

पूर्व मंत्री जीएस बाली से की मुलाकात

सहप्रभारी रंजीत रंजन रविवार को पूर्व मंत्री जीएस बाली से मिलने उनके कांगड़ा स्थित आवास पर गईं। बताया जा रहा है कि यहां उन्होंने श्री बाली का हालचाल पूछा, क्योंकि जीएस बाली लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। उनके रीढ़ की हड्डी में फ्रेक्चर है, जिस कारण व लगातार ट्रीटमेंट से गुजर रहे हैं। हालांकि इस दौरान दोनों नेताओं के बीच क्या किसी राजनीतिक रणनीति पर कोई गुफ्तगू हुई है, यह बात अभी साफ  नहीं हो पाई है। श्रीमती रंजन ने कहा कि मोदी सरकार भारत की संवैधानिक संस्थाओं को ध्वस्त करने में जुटी है। लोकतंत्र की लगातार हत्या करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की तरह ही देश से बीजेपी का सफाया कर देगी।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App