श्मशानघाट से पानी भर रहे लोग

By: May 28th, 2018 12:11 am

शिमला  —राजधानी शिमला में पेयजल की समस्या विकराल हो गई है। पानी के लिए लोगों को दर-दर भटकना पड़ रहा है। शहर के उपनगर संजौली में जनता को श्मशानघाट से पानी भरने को मजबूर होना पड़ रहा है। संजौली व चलौंठी के आसपास के लोग श्मशानघाट के नल से गुजारे लायक पानी भर रहे हैं। शहर में पानी की अव्यवस्था को लेकर जनता में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ भारी रोष है। रविवार को संजौली व चलौंठी के लोगों ने शमशानघाट में एकत्रित होकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। सामाजिक कार्यकर्ता व संजौली निवासी रवि कुमार दलित ने कहा कि संजौली में पिछले छह दिन से सप्लाई नहीं हुई है। जनता पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रही है। जनता को मजबूर होकर शमशान घाट के प्राकृतिक पेयजल स्रोत से पानी भरना पड़ रहा है।

फागली में पानी भरने के लिए लाइनें

शिमला में पानी की एक बाल्टी भरने के लिए लोगों को जद्दोजहद करनी पड़ रही है। ऐसा ही नजारा रविवार को शिमला के फागली क्षेत्र में देखा गया। जहां टैंकर के आने पर लोग पानी की एक बाल्टी भरने के लिए कतारबद्ध दिखे।

कनलोग में प्रदर्शन

कनलोग की जनता भी पानी के लिए सड़कों पर उतर आई है। रविवार को कनलोग के लोगों ने पानी की सप्लाई न मिलने पर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। जनता में निगम प्रशासन के खिलाफ भारी रोष है।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App