सरकार खरीदेगी पोलिथीन कचरा

By: May 28th, 2018 12:05 am

सीएम ने पीडब्ल्यूडी-नगर निकाय को दिए आदेश, ओकओवर से अभियान का आगाज

शिमला – हिमाचल प्रदेश में पोलिथीन कचरा को इकट्ठा कर पर्यावरण स्वच्छ करने के साथ पैसे भी कमाए जा सकेंगे। इसके लिए सरकार ने पीडब्ल्यूडी और नगर निगम व नगर परिषदों को पोलिथीन कचरा खरीदने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को  ‘पोलिथीन हटाओ, पर्यावरण बचाओ अभियान’ को ओकओवर में हरी झंडी दिखाई। पर्यावरण सहेजने का नारा देते हुए मुख्यमंत्री ने इस अभियान में सभी प्रदेशवासियों को जुटने का आह्वान किया है। यह मुहिम पांच जून तक जारी रहेगी। शिमला स्थित सीएम निवास में इस अभियान के शुभारंभ अवसर पर 800 से ज्यादा स्वच्छता प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस सफल कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री ने पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान शिमला के विभिन्न स्कूलों विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, गृह रक्षक तथा अग्निशमन सेवाओं के जवानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्लास्टिक से उत्पन्न प्रदूषण समूचे विश्व के लिए चिंता का विषय है। अन्य देशों के मुकाबले विकसित देशों द्वारा प्लास्टिक का अधिक इस्तेमाल करने से वहां की स्थिति अधिक चिंताजनक है तथा उनके लिए प्लास्टिक कचरे का प्रबंधन भी एक बड़ी चुनौती है। प्लास्टिक का कचरा जैविक रूप से नष्ट नहीं होता है, इसलिए यह मनुष्य एवं पशुओं के स्वास्थ्य के लिए सबसे बड़ा खतरा है तथा पर्यावरण पर भी इसका बुरा प्रभाव पड़ता है। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार प्लास्टिक के कचरे से ऊर्जा उत्पन्न करने के लिए परियोजनाएं आरंभ कर रही है। इस प्रकार का एक संयत्र शिमला में स्थापित किया गया है तथा दो अन्य संयत्र कुल्लू तथा बद्दी में स्थापित किए जा रहे हैं।  मुख्यमंत्री ने कहा कि पोलिथीन न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक ह,ै बल्कि इससे मिट्टी, जल तथा वायु प्रदूषण भी उत्पन्न होता है। इसलिए हर नागरिक का दायित्व है कि वह पृथ्वी तथा मानवता के अस्तित्व को बचाने के लिए प्लास्टिक के इस्तेमाल पर अंकुश लगाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को भी प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक बनाना चाहिए तथा उन्हें पोलिथीन बैग के स्थान पर जूट या पेपर बैग इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। इस दौरान पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी विभाग के निदेशक डीसी राणा ने सभी प्रतिभागियों का आभार प्रकट किया।

जरूरी था अभियान

जयराम ठाकुर ने कहा कि दो अक्तूबर, 2009 को तत्कालीन भाजपा सरकार ने प्रदेश में प्लास्टिक बैग पर प्रतिबंध लगाया था, लेकिन अभी भी दूध, चिप्स, ब्रैड इत्यादि कई उत्पाद प्लास्टिक की पैकिंग में मिलते हैं, जिससे इस खतरे से पर्यावरण को बचाने के लिए नियमित रूप से विशेष अभियान आरंभ करना आवश्यक हो गया है।

आईजीएमसी में बच्चों का हाल जानने पहुंचे मुख्यमंत्री

शिमला— मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर रविवार को फूड प्वाइजनिंग का शिकार हुए मासूम बच्चों का कुशलक्षेम जानने आईजीएमसी पहुंचे। अस्पताल में 15 बच्चे फूड प्वाइजनिंग के कारण भर्ती किए गए है। एमएस डा. जनक राज का कहना है कि सोलन और कोटखाई से आए इन सभी बच्चों ने जंगली फूड मॉक स्ट्राबरी खाया था, जिस वजह से उनकी सेहत पर बुरा प्रभाव पड़ा है। सभी बच्चे नेपाली मूल के हैं। बता दें कि फूड प्वाइजनिंग की शिकायत पर कोटखाई से नौ और धर्मपुर से छह बच्चे आईजीएमसी में दाखिल किए गए हैं। सीएम ने रविवार को बच्चों का हाल जाना और अस्पताल प्रशासन को इनकी देखरेख के आदेश दिए। एमएस ने कहा कि सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं।

कल शिमला में नड्डा-गहलोत बताएंगे केंद्र की उपलब्धियां

शिमला— केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश नड्डा और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत 29 मई को प्रदेश के एक दिवसीय प्रवास पर आ रहे हैं। इस दौरान दोनों केंद्रीय मंत्री विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि दोनों मंत्री इस दिन सुबह 11 बजे होटल पीटरहॉफ  में केंद्र सरकार की चार वर्ष की उपलब्धियों व योजनाओं को लेकर प्रेसवार्ता को करेंगे। दोपहर 12 बजे समाचार पत्रों के ब्यूरो चीफ व संपादकों से पीटरहॉफ  में मिलेंगे। उसके बाद दोपहर डेढ़ बजे शिमला से सुंदरनगर के लिए रवाना होंगे। दोपहर अढ़ाई बजे काम्पोजिट रिजनल सेंटर (सीआरसी) सुंदरनगर में ओपीडी व होस्टल की आधारशिला रखेंगे। उसके बाद शाम सवा चार बजे सुंदरनगर से चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे और फिर दिल्ली कूच करेंगे।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App