सुन लो! सात दिन में खुद हटा लो खोखे

By: May 28th, 2018 12:05 am

रिवालसर —नगर पंचायत के अध्यक्ष लाभ सिंह ने कहा कि रिवालसर के पवित्र झील परिसर में अवैध निर्माण व खोखों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत द्वारा रेहड़ी-फड़ी लगाने के लिए निर्धारित क्षेत्र में केवल उन्हीं लोगों को रोजगार करने के लिए  लाइसेंस दिए जाएंगे, जो नगर पंचायत की शर्तों को पूरा करेंगे, जिसमें प्रमुख रूप से जिनके पास रेहड़ी-फड़ी के सिवाय आमदन का कोई अन्य साधन नहीं है, उन्हीं लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी। नगर पंचायत के सभागार में   खोखाधारकों, रेहड़ी-फड़ी यूनियन के सदस्यों व नगर पंचायत के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। बैठक में इन सब बातों पर विशेष चर्चा करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष लाभ सिंह ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए दोटूक कहा है कि झील के पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों व उसकी सुंदरता को दागदार करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अवैध खोखा धारकों को अपने खोखे स्वयं हटाने के लिए सात दिन की समय सीमा देते हुए कहा कि अगर ये नगर पंचायत व प्रशासन की बात मानते हैं तो उन्हें निर्धारित क्षेत्र में रेहड़ी लगाने के लिए स्थान देने पर विचार किया जाएगा, नहीं तो नगर पंचायत इनके ऊपर सख्त कार्रवाई करेगी। नगर पंचायत ने सर्व सहमति से यह फैसला भी लिया कि जो रेहड़ी-फड़ी धारक अपनी मनमर्जी से रेहड़ी-फड़ी के निर्माण व उस स्थान की जगह में छेड़छाड़ करेगा तथा तय शर्तों का उल्लंघन करेगा, उसका लाइसेंस तुरंत रद्द कर दिया जाएगा। बैठक में उपाध्यक्ष महेंद्र पाल, रेहड़ी-फड़ी यूनियन के प्रधान सुदर्शन कुमार, कनिष्ठ अभियंता अजय शर्मा, प्रबंधक विशाल चंदेल सहित समस्त पार्षद गण व अन्य लोग मौजूद रहे।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App