सूरज का सितम; जल उठे जंगल, नल सूखे

By: May 28th, 2018 12:05 am

 मंडी —एक तरफ प्रचंड गर्मी और ऊपर से जंगलों में लगी भयानक आग ने तौबा करवा दी है। हर रोज तापमान ने बढ़ोतरी हो रही है। इससे जहां जिला के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल संकट गहरा गया है, वहीं जंगलों को शरारती तत्त्वों द्वारा आग लगाने से वन विभाग व अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों को काफी कसरत करनी पड़ रही है। मेले के दिन प्रसिद्ध और ऐतिहासिक नागचला मंदिर के तालाब में पानी की कमी और पानी की निकासी बंद हो जाने के कारण तालाब में भारी तादाद में मछलियों की जान चली गई। इसके अलावा राष्ट्रीय उच्च मार्ग-21 पर जडोल कस्बे के साथ लगती खड्ड में भारी संख्या में मछलियां मरने का क्रम जारी है। अब खड्ड से गर्मियों में कपड़े धोने, मवेशियों और सिंचाई के पानी की पूर्ति हेतु निर्भर करने वाले लोगों ने भी डर के मारे खड्ड से पानी का प्रयोग पूर्णतः बंद कर दिया।

असर :डिपो में पहुंचा चीनी का कोटा

गत सप्ताह ग्रयोह क्षेत्र के राशन विक्रय उपकेंद्रों में चीनी खेप पहुंच गई। उपभोक्ताओं को करीब तीन माह बाद चीनी मिली है। इसके अलावा अवाहदेवी बाजार की सड़क में पड़े गड्ढों को सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। दोनों समस्याओं को ‘दिव्य हिमाचल’ ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके उपरांत जहां विभाग ने उपभोक्ताओं की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल किया, वहीं शनिवार को पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों ने गड्ढों का पैचवर्क शुरू कर दिया। उल्लेखनीय है कि पिछले तीन महीनों से तेल व चीनी न मिलने से उपभोक्ताओं को भारी सस्याओं का सामना करना पड़ रहा था तथा दुकानों में मजबूरन चीनी खरीदनी पड़ रही थी।

1216 रुपए में दिल्ली पहुंचाएगी वोल्वो

धर्मपुर— सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य, बागबानी व सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने शनिवार को धर्मपुर से दिल्ली के लिए वोल्वो बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है। उन्होंने बताया कि धर्मपुर से यह बस सायं 4:30 बजे चलेगी, जबकि दिल्ली से धर्मपुर के लिए रात्रि 8:35 बजे चलेगी। बस का किराया धर्मपुर से दिल्ली का 1216 रुपए तथा चंडीगढ़ का 670 रुपए निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री रजत ठाकुर, क्षेत्रीय प्रबंधक हिमाचल पथ परिवहन निगम नरेंद्र शर्मा भी उपस्थित थे।

टूरिज्म : बरोट की वादियों पर आया दिल

बरोट— पंजाब, दिल्ली व अन्य राज्यों में भीषण गर्मी पड़ते ही बरोट पर्यटन स्थल में पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ा है। पीक सीजन में क्षेत्र के सभी सरकारी व प्राइवेट  होटल, गेस्ट हाउस बुक चल रहे हैं। उधर, बरोट के गेस्ट हाउस मालिक हीरा लाल, सचिन, रोशन नेगी, अमीं चंद, अमर नाथ, संजय ने कहा कि मई के प्रथम सप्ताह में मंदा चल रहा था, जबकि गर्मी पड़ते ही सभी कमरे बुक चल रहे हैं। बरोट मुल्थान  के अन्य स्थान बड़ा गांव, लोहारडी, टिकन, राजगुंधा, कोठी कोढ़, स्थानों में सैलानी पूरा दिन ठंडी-ठंडी हवा, ऊहल नदी के ठंडे पानी और ट्राउट मछली का भरपूर आनंद  ले रहे हैं। लोगों का कहना  है कि अगर सरकार इस पर्यटन स्थल की ओर ध्यान दे कुल्लू, मनाली और डलहौजी की तर्ज पर इसे विकसित किया जा सकता है।

शख्सियत :विद्या के पास हर मर्ज का इलाज

ग्राम पचांयत दूसरा खाबू के छजवान खाबू गांव की 92 वर्षीय विद्या देवी पत्नी स्वर्गीय लाल राम बुढ़ापे के इस दौर में भी दुखी लोगों का उपचार कर मानव सेवा कर रही है। विद्या देवी पिछले 82 सालों से हर मर्ज का उपचार देवकृपा से करते आ रही है। विद्या देवी ने बताया कि जब वह सात वर्ष की थी तो उन्हें श्री नैणा देवी माता का देवस्वप्न हुआ और माता ने कहा कि उसका जन्म मानव सेवा हेतु हुआ है। इसके बाद वह पिछले 82 सालों से आंख, पेट, कान, मुंह, हडड्ी समेत कई रोगों का उपचार देशी जड़ी-बूटियों के माध्यम से तैयार की गई दवाइयों से कर रही हैं।

आईएसबीटी कश्मीरी गेट से मंडी

स्थान                          समय              किराया

दिल्ली से मंडी        6:00 पीएम                    1149

दिल्ली से मंडी        7:00 पीएम                    1149

दिल्ली से मंडी        7:35 पीएम                    1149

दिल्ली से मंडी        9:00 पीएम                    1149

दिल्ली से मंडी        9:50 पीएम                    1149

दिल्ली से मंडी        10:30 पीएम                   890

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App