सोने में 450 की साप्ताहिक गिरावट; चांदी 200 रुपए सस्ती

By: May 21st, 2018 12:04 am

नई दिल्ली — अंतरराष्ट्रीय बाजार में दोनों कीमती धातुओं की चमक फीकी पड़ने और घरेलू जेवराती मांग की सुस्ती से बीते सप्ताह दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 450 रुपए की साप्ताहिक गिरावट के साथ 32,000 के आंकड़े से नीचे फिसलकर 31,950 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। सिक्का निर्माताओं के उठाव में कमी आने और औद्योगिक मांग घटने से चाँदी भी 200 रुपए लुढ़ककर 41,200 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। विश्लेषकों के अनुसार, समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के मजबूत होने से वैश्विक स्तर पर सोने के भाव लुढ़के हैं। इसके साथ अमेरिकी बांड यील्ड के सात साल के उच्चतम स्तर पर पहुंचने से निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश में घटा है। लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, गत सप्ताह लंदन का सोना हाजिर 24.50 डालर की गिरावट के साथ सप्ताहांत पर 1,293.60 डालर प्रति औंस बोला गया। अमरीकी सोना वायदा भी 26.40 डॉलर की साप्ताहिक गिरावट  के साथ 1,291.70 डालर प्रति औंस पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर में 0.19 डालर की गिरावट रही और यह 16.42 डालर प्रति औंस पर आ गई। स्थानीय बाजार में गत सप्ताह छह दिन कारोबार हुआ जिसमें से चार दिन सोने के भाव लुढ़के हैं। वैश्विक दबाव और जेवराती खरीद कम होने से सप्ताह के दौरान सोना स्टैंडर्ड 450 रुपए सस्ता होकर शनिवार को कारोबार की समाप्ति पर 31,950 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट के साथ 31,800 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,800 रुपए पर टिकी रही। सिक्का निर्माताओं की ओर से मांग की सुस्ती से चांदी हाजिर 200 रुपए की साप्ताहिक गिरावट के साथ 41,200 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गयी। चांदी वायदा भी 345 रुपए की साप्ताहिक गिरावट में 40,195 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई।  चांदी की चमक फीकी पड़ने से सिक्कों की खनक भी कम हो गई। आलोच्य सप्ताह में सिक्का लिवाली  सप्ताह के दौरान 1,000 लुढ़ककर  क्रमशः 75 हजार और 76 हजार प्रति सैकड़ा बोले गए।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App